भूपेश बघेल, महंत–बैज समेत 5 हजार कांग्रेसी रामलीला मैदान में करेंगे प्रदर्शन
रायपुर। कांग्रेस पार्टी रविवार 14 दिसंबर को दिल्ली के रामलीला मैदान में ‘वोट चोर, गद्दी छोड़’ नाम से एक बड़ी रैली करने जा रही है। इस रैली में शामिल होने के लिए छत्तीसगढ़ से कांग्रेस के कई वरिष्ठ नेता दिल्ली रवाना हो गए हैं। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज, पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल और नेता प्रतिपक्ष चरणदास महंत के नेतृत्व में करीब 5 हजार कांग्रेस कार्यकर्ता राजधानी दिल्ली पहुंचेंगे।
एयरपोर्ट पर रवाना होने से पहले प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने बताया कि इस रैली में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी, राहुल गांधी और प्रियंका गांधी समेत देशभर के दिग्गज नेता मौजूद रहेंगे। उन्होंने कहा कि यह रैली लोकतंत्र की रक्षा और मतदाता अधिकारों की सुरक्षा के लिए आयोजित की जा रही है। छत्तीसगढ़ के अलावा कई अन्य राज्यों से भी बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता इसमें भाग लेंगे।
SIR को लेकर भाजपा पर कांग्रेस का तीखा हमला
विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) को लेकर भाजपा पर निशाना साधते हुए दीपक बैज ने कहा कि भाजपा पहले यह स्पष्ट करे कि कथित घुसपैठिए आए कहां से और कैसे आए। उन्होंने सवाल उठाया कि केंद्र में वर्षों से भाजपा की सरकार है, फिर घुसपैठ की जिम्मेदारी किसकी है। बैज ने आरोप लगाया कि चुनाव के समय जानबूझकर इस मुद्दे को उठाकर राजनीतिक माहौल बनाया जाता है।
कांग्रेस नेताओं का आरोप है कि घुसपैठ के नाम पर विपक्षी दलों के मतदाताओं के नाम मतदाता सूची से हटाए जा रहे हैं या उन्हें गलत स्थानों पर जोड़ा जा रहा है। दीपक बैज ने दावा किया कि गुलाब कमरो का नाम महेंद्रगढ़ से हटाकर रायगढ़ में जोड़ा गया, जबकि बिलासपुर के पूर्व जिला अध्यक्ष का नाम भिलाई में जोड़े जाने की शिकायतें सामने आई हैं।
देशव्यापी विरोध का केंद्र बनेगा रामलीला मैदान
कांग्रेस ने स्पष्ट किया कि यह रैली ईवीएम में कथित गड़बड़ी, मतदाता सूची में अनियमितताओं और चुनाव आयोग की भूमिका को लेकर देशव्यापी विरोध का हिस्सा है। पार्टी नेताओं ने कहा कि कांग्रेस सड़क से संसद तक लोकतंत्र की रक्षा के लिए संघर्ष जारी रखेगी और मतदाता अधिकारों से किसी भी कीमत पर समझौता नहीं करेगी।
