मानसून से देश के कई हिस्सों में हालात बिगड़े: काशी में गंगा के 84 घाट डूबे, 5 हजार दुकानें बंद; बिहार में 50 हजार लोग बाढ़ से घिरे

रायपुर। देश के कई राज्यों में मानसून की बारिश से जनजीवन प्रभावित है। उत्तर प्रदेश में लगातार हो रही बारिश के बीच वाराणसी में गंगा का जलस्तर बढ़ने से 84 घाट पानी में डूब गए हैं। घाट किनारे करीब 5 हजार दुकानों को बंद करना पड़ा है। वाराणसी के BHU अस्पताल परिसर में भी बारिश का पानी भर गया, जहां मरीजों को कंधे पर बैठाकर ले जाते हुए लोग नजर आए।

बिहार के बेगूसराय में गंगा नदी खतरे के निशान से ऊपर बह रही है। बाढ़ के पानी से 50 हजार से अधिक लोग प्रभावित बताए जा रहे हैं। भागलपुर के नवगछिया में राघोपुर गांव के पास तटबंध टूटने से करीब 10 हजार लोगों पर असर पड़ा है। मौसम विभाग ने बिहार के 21 जिलों में बारिश की संभावना जताई है।

MP में अब पश्चिमी और उत्तरी हिस्सों में सक्रिय होगा मानसून

मध्य प्रदेश में पूर्वी हिस्से के बाद अब उत्तरी, पश्चिमी और मध्य क्षेत्रों में मानसून सक्रिय होने की संभावना है। मौसम विभाग ने अगले दो दिनों में भोपाल, उज्जैन, सागर, ग्वालियर और चंबल संभाग के 21 जिलों में भारी बारिश का अनुमान जताया है। प्रदेश में अब तक औसतन 25.5 इंच बारिश हो चुकी है, जो सामान्य कोटे का करीब 68% है।

उत्तराखंड और हिमाचल में भी असर

उत्तराखंड के सभी जिलों में हल्की से मध्यम बारिश और गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ने का अनुमान है। देहरादून, पिथौरागढ़ और बागेश्वर में भारी बारिश हो सकती है। वहीं हिमाचल प्रदेश में मानसून कमजोर पड़ने से अगले 72 घंटे अधिकांश हिस्सों में बारिश की संभावना कम है। हालांकि चंबा में पहाड़ गिरने से सड़क बंद हो गई है।

छत्तीसगढ़ में आज भी भारी बारिश का अलर्ट

छत्तीसगढ़ में अगले 24 घंटे बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है। कई इलाकों में भारी बारिश के साथ गरज-चमक और बिजली गिरने का अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग के मुताबिक इसके बाद प्रदेश में बारिश की गतिविधियां कुछ कम हो सकती हैं।

Exit mobile version