दिल्ली। उत्तर भारत में मौसम तेजी से बदल रहा है। पहाड़ी इलाकों में जारी बर्फबारी के असर से मैदानी राज्यों में ठंड बढ़ने लगी है। मौसम विभाग के अनुसार, मध्य प्रदेश में अगले दो दिनों में ठंड में तेजी आएगी। भोपाल में रात का तापमान चार से पांच डिग्री तक गिर सकता है। वर्तमान में हरियाणा के पास बना चक्रवात ठंडी हवाओं को राज्य में प्रवेश नहीं करने दे रहा है, लेकिन यह अगले 24 से 48 घंटे में वेस्टर्न डिस्टर्बेंस में समाहित हो जाएगा। इसके बाद ही मध्य प्रदेश में ठंड का असर महसूस होगा।
राजस्थान में भी मौसम ने करवट ली है। 4 नवंबर को कई जिलों में बादल छाए रहे और तेज बारिश के साथ ओले भी गिरे। हनुमानगढ़, चूरू, जयपुर, कोटा और अजमेर सहित कई जिलों में तापमान गिरने से सर्दी बढ़ने लगी है। अब उत्तरी हवाओं के चलने से राज्य में पारा और नीचे जा सकता है।
उत्तराखंड के बद्रीनाथ में बुधवार सुबह सीजन की पहली बर्फबारी हुई, जिससे क्षेत्र में ठंड का प्रकोप बढ़ गया। वहीं दिल्ली में हवा की गुणवत्ता फिर से खराब हुई है, कई इलाकों में AQI 250 से ऊपर दर्ज किया गया।
हरियाणा में भी मौसम का मिजाज बदला है। पंचकूला, अंबाला और यमुनानगर में आज बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, 6 नवंबर से राज्य में ठंड और बढ़ेगी।
छत्तीसगढ़ में अगले तीन दिनों तक न्यूनतम तापमान स्थिर रहेगा, लेकिन इसके बाद 2-3 डिग्री की गिरावट संभव है। यानी अब पूरे उत्तर और मध्य भारत में सर्दी का आगाज हो चुका है और आने वाले दिनों में इसका असर और गहराएगा।
