राजस्थान समेत 5 राज्यों में सुबह-शाम की सर्दी: MP के 11 जिलों में पारा 10°C से नीचे; चेन्नई में कोहरा

दिल्ली। देशभर में मौसम का मिला-जुला असर देखने को मिल रहा है। मौसम विभाग ने रविवार के लिए किसी भी राज्य में अलर्ट जारी नहीं किया है।

जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश में हुई बर्फबारी के चलते उत्तर भारत के कई हिस्सों में अब भी ठंड बनी हुई है। राजस्थान, पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, उत्तर प्रदेश और छत्तीसगढ़ में सुबह और शाम सर्दी का असर महसूस किया जा रहा है, जबकि दिन में तापमान बढ़ने से हल्की गर्मी पड़ रही है।

राजस्थान में बाड़मेर, पाली, जालोर और जोधपुर में दिन का पारा 30 डिग्री के पार पहुंच गया है। वहीं पंजाब, हरियाणा और दिल्ली में भी दोपहर में गर्मी का एहसास हो रहा है। उत्तर प्रदेश में तेज हवाओं के साथ मौसम शुष्क बना हुआ है और तापमान में धीरे-धीरे बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है।

मध्य प्रदेश में एक बार फिर ठंड ने वापसी की है। प्रदेश के 11 जिलों में न्यूनतम तापमान 10 डिग्री से नीचे रिकॉर्ड किया गया। उमरिया सबसे ठंडा जिला रहा, जहां पारा 7 डिग्री तक पहुंच गया। कटनी, शहडोल और उमरिया में तापमान 4 डिग्री के आसपास दर्ज किया गया, जबकि भोपाल, इंदौर, जबलपुर और ग्वालियर में सुबह-शाम ठंड बनी हुई है।

दक्षिण भारत में भी मौसम का असर देखने को मिला। चेन्नई में घने कोहरे के कारण विजिबिलिटी कम रही, जिससे सुबह 9 बजे तक 3 फ्लाइट्स को तिरुचिरापल्ली डायवर्ट करना पड़ा। मौसम विभाग के अनुसार, ज्यादा नमी, धीमी हवाएं और रात का कम तापमान कोहरे का कारण बने।

हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में 9 और 10 फरवरी को ऊंचाई वाले इलाकों में बारिश और बर्फबारी की संभावना जताई गई है। इससे पहाड़ी राज्यों के साथ मैदानी इलाकों में भी ठंड बढ़ सकती है। मौसम विभाग ने लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है।

Exit mobile version