दिल्ली। देश के उत्तर और मध्य हिस्से में ठंड ने जोर पकड़ लिया है। मध्य प्रदेश, राजस्थान, हरियाणा, दिल्ली और पंजाब में शीतलहर का प्रकोप जारी है। मध्य प्रदेश के 8 और राजस्थान के 9 शहरों में बुधवार को न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से नीचे दर्ज किया गया। भोपाल में लगातार पांचवें दिन पारा 8°C तक पहुंच गया, जो इस सीजन की सबसे ठंडी रातों में से एक रही।
हरियाणा के 7 शहरों में तापमान 10 डिग्री से कम दर्ज किया गया, जबकि नारनौल सबसे ठंडा रहा—7.7°C। दिल्ली में भी पारा 10.4°C तक गिरा और हवा की गुणवत्ता खतरनाक स्तर पर पहुंच गई। राजधानी के कई इलाकों में AQI 400 से ऊपर दर्ज किया गया। बवाना में AQI 451, जबकि चांदनी चौक में 449 तक पहुंच गया। जींद (हरियाणा) में 418 AQI के साथ दिल्ली से भी ज्यादा प्रदूषण रिकॉर्ड हुआ।
इंडिया गेट और कर्तव्य पथ के आसपास घना स्मॉग छाया रहा, जिससे दृश्यता बेहद कम रही। मौसम विभाग के अनुसार, अगले कुछ दिनों तक ठंड और कोहरे का असर जारी रहेगा।
राजस्थान में बर्फीली हवाओं के चलते तापमान में भारी गिरावट आई है। सीकर के फतेहपुर में न्यूनतम तापमान 8.8°C दर्ज किया गया। झुंझुनूं और सिरोही में भी शीतलहर का असर बढ़ गया है।
मध्य प्रदेश के भोपाल, इंदौर, राजगढ़ और बालाघाट सहित 13 जिलों में अगले तीन दिन शीतलहर के आसार हैं। वहीं, छत्तीसगढ़ के मैनपाट में पारा 4°C, और अंबिकापुर में 7°C तक गिर गया है।
पंजाब और हिमाचल में भी तापमान लगातार गिर रहा है। अमृतसर में न्यूनतम पारा 9°C, जबकि हिमाचल के ताबो में -4.5°C दर्ज हुआ। मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि आने वाले दिनों में ठंड और बढ़ेगी। से ज्यादा गाड़ियां तबाह
