रायपुर। छत्तीसगढ़ में सर्दी ने दस्तक दे दी है। उत्तर से आ रही ठंडी और शुष्क हवाओं के कारण मौसम का मिजाज पूरी तरह बदल गया है। प्रदेश के ज्यादातर हिस्सों में सुबह और रात के समय ठंड का असर तेज़ हो गया है। लोग अब गर्म कपड़े पहनने लगे हैं और रात के समय अलाव जलाकर गर्माहट ले रहे हैं।
मौसम विभाग के अनुसार, बीते 24 घंटों में अंबिकापुर का न्यूनतम तापमान 8.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो इस सीजन का सबसे कम तापमान है। वहीं, अधिकतम तापमान 30.2 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचा। ठंडी हवाओं के चलते तापमान में और गिरावट की संभावना जताई गई है।
मौसम वैज्ञानिकों ने बताया कि उत्तर भारत से लगातार ठंडी और शुष्क हवाओं का आगमन हो रहा है, जिसके कारण प्रदेश में न्यूनतम तापमान में हल्की गिरावट जारी रहेगी। फिलहाल किसी बड़े बदलाव की संभावना नहीं है, लेकिन सरगुजा संभाग के जिलों — कोरिया, मनेन्द्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर, जशपुर, सूरजपुर और बलरामपुर में एक-दो इलाकों में शीतलहर की स्थिति बन सकती है।
राजधानी रायपुर में आज आसमान साफ रहने का अनुमान है। तापमान 15 से 28 डिग्री सेल्सियस के बीच रहेगा। मौसम विभाग ने कहा है कि दिन में हल्की धूप और रात में ठंडक बनी रहेगी।
मौसम विशेषज्ञों के अनुसार, आने वाले दिनों में सर्दी और बढ़ सकती है। उत्तर से ठंडी हवाओं का प्रभाव जारी रहेगा, जिससे प्रदेश में न्यूनतम तापमान 7 से 8 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने की संभावना है।
