शीतलहर का कहर जारी: कश्मीर में डल झील जमी,हरियाणा-पंजाब में कड़ाके की ठंड

दिल्ली। उत्तर भारत में भीषण शीतलहर का असर बुधवार को भी बना रहा। हरियाणा और पंजाब में ठंड से लोगों को कोई राहत नहीं मिली, जबकि कश्मीर घाटी में हालात और ज्यादा गंभीर हो गए हैं। यहां डल झील के कई हिस्सों समेत जलाशय जम गए हैं। मौसम विभाग के अनुसार फिलहाल अगले दो दिनों तक शीतलहर और घने कोहरे से राहत की संभावना नहीं है।

पंजाब और हरियाणा के कई जिलों में अधिकतम तापमान सामान्य से 8 से 10 डिग्री सेल्सियस तक नीचे चला गया। हरियाणा के हिसार में न्यूनतम तापमान 0.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से करीब 6 डिग्री कम है। गुरुग्राम के बाहरी इलाकों में जमीन पर बर्फ जैसी परत जमने की खबर है। पंजाब के बठिंडा में न्यूनतम तापमान 1.6 डिग्री के आसपास रहा, वहीं कई इलाकों में घना कोहरा छाया रहा, जिससे विजिबिलिटी शून्य तक पहुंच गई। इसका असर सड़क और हवाई यातायात पर पड़ा, जबकि कुछ जिलों में स्कूलों की छुट्टियां बढ़ानी पड़ीं।

राजधानी दिल्ली को इस कड़ाके की ठंड से थोड़ी राहत जरूर मिली। मौसम विभाग के अनुसार दिल्ली में अधिकतम तापमान 20 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से थोड़ा अधिक है। हालांकि न्यूनतम तापमान 3.8 डिग्री सेल्सियस तक गिर गया, जो औसत से 3.6 डिग्री कम है। सुबह के समय कई इलाकों में घना कोहरा देखने को मिला।

कश्मीर घाटी में हालात बेहद सख्त बने हुए हैं। श्रीनगर में न्यूनतम तापमान माइनस 5.2 डिग्री, शोपियां में माइनस 7.5 डिग्री और पहलगाम में माइनस 6 डिग्री दर्ज किया गया। डल झील में जमी बर्फ की तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल हो रही हैं। घाटी इस समय ‘चिल्लाई-कलां’ के दौर से गुजर रही है, जहां ठंड चरम पर होती है।

मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि अगले दो दिनों तक शीतलहर और घना कोहरा जारी रहेगा। लोगों को सतर्क रहने, गर्म कपड़े पहनने और अनावश्यक यात्रा से बचने की सलाह दी गई है।

Exit mobile version