दिल्ली। राजस्थान में सर्दी ने अपने तेवर तेज कर दिए हैं। गुरुवार सुबह सीकर के फतेहपुर और बीकानेर के लूणकरणसर में तापमान 3.2°C दर्ज किया गया।
शेखावाटी क्षेत्र के सीकर, चूरू और झुंझुनूं जिलों में अधिक ठंड महसूस की जा रही है। मौसम विभाग ने अगले दो दिनों के लिए कोल्डवेव अलर्ट जारी किया है।
हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड के ऊंचाई वाले इलाकों में 5 और 7 दिसंबर को वेस्टर्न डिस्टर्बेंस के कारण बर्फबारी और बारिश की संभावना है। हिमाचल के कई शहरों में न्यूनतम तापमान 5°C से नीचे रिकॉर्ड हुआ। लाहौल स्पीति का ताबो -9.8°C, कल्पा -1.5°C और कुकुमसेरी -3.9°C तक ठंडा रहा।
मध्य प्रदेश में भी ठंड बढ़ने लगी है। भोपाल, इंदौर और ग्वालियर समेत कई शहरों में अगले 2 दिनों में तापमान में 2-3°C की गिरावट की संभावना है। प्रदेश के 10 शहरों का तापमान गुरुवार को 10°C से कम दर्ज किया गया।
उत्तर प्रदेश में पश्चिमी और पूर्वी क्षेत्रों में रात का तापमान सामान्य से कम रहा। मुजफ्फरनगर सबसे ठंडा रहा, 7.1°C तापमान दर्ज हुआ। विजिबिलिटी में कमी के कारण लखनऊ एयरपोर्ट पर 20 से ज्यादा फ्लाइट्स लेट हुईं, जबकि दिल्ली, कोलकाता और मुंबई से आने वाली 7 फ्लाइटें कैंसिल रहीं।
छत्तीसगढ़ के सरगुजा संभाग में भी ठंड बढ़ी। अंबिकापुर में रात का तापमान 7°C दर्ज हुआ, अगले 24 घंटे में 2-3°C और गिरावट की संभावना है। बिहार के पटना, किशनगंज, बेतिया समेत 10 शहरों में कोहरा छाया रहा और न्यूनतम तापमान 8-11°C दर्ज किया गया।
हरियाणा के सिरसा, फतेहाबाद, हिसार और पंचकूला जिलों में शीतलहर का अलर्ट जारी है। उत्तराखंड के पहाड़ी इलाकों में पाला गिरने और बारिश-बर्फबारी की संभावना बनी हुई है।
इस दौरान लोगों को सुबह-शाम अलाव का सहारा लेना पड़ रहा है। मौसम विभाग ने सलाह दी है कि सर्दी से बचाव के लिए गर्म कपड़े पहनें और फ्लाइट यात्रा से पहले स्टेटस चेक करें।
