दिल्ली। ईरान-अमेरिका तनाव के बीच देशभर में पेट्रोलियम उत्पादों की कीमतों में लगातार बढ़ोतरी जारी है। मंगलवार को इंद्रप्रस्थ गैस लिमिटेड (IGL) ने CNG की कीमतों में ₹2 प्रति किलो तक इजाफा कर दिया। मई महीने में यह चौथी बार है जब CNG के दाम बढ़ाए गए हैं। अब तक कुल ₹6 प्रति किलो की बढ़ोतरी हो चुकी है।
नई दरों के बाद दिल्ली में CNG ₹81.09 से बढ़कर ₹83.09 प्रति किलो हो गई है। वहीं नोएडा, गाजियाबाद और ग्रेटर नोएडा में इसकी कीमत ₹91.70 प्रति किलो पहुंच गई है। गुरुग्राम में अब CNG ₹88.12 प्रति किलो मिलेगी।
इससे पहले 25 मई को तेल कंपनियों ने पेट्रोल और डीजल की कीमतों में भी इजाफा किया था। दिल्ली में पेट्रोल ₹102.12 और डीजल ₹95.20 प्रति लीटर हो गया है। पेट्रोल ₹2.61 और डीजल ₹2.71 प्रति लीटर महंगा हुआ है।
कीमतों में बढ़ोतरी की मुख्य वजह अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में तेजी मानी जा रही है। ईरान युद्ध शुरू होने से पहले क्रूड ऑयल करीब 70 डॉलर प्रति बैरल था, जो अब 100 डॉलर के पार पहुंच चुका है। इससे सरकारी तेल कंपनियों पर भारी आर्थिक दबाव बढ़ गया है।
पेट्रोलियम मंत्रालय के मुताबिक तेल कंपनियों को रोजाना करीब 600 करोड़ रुपए का घाटा हो रहा है। विशेषज्ञों का कहना है कि यदि अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतें इसी तरह बढ़ती रहीं, तो आने वाले दिनों में ईंधन और महंगा हो सकता है।
ईंधन महंगा होने से मालभाड़ा, सब्जियां, राशन, खेती की लागत और बस-ऑटो किराए में भी बढ़ोतरी की आशंका है। वहीं कम खर्च और ज्यादा माइलेज के कारण देश में CNG गाड़ियों की मांग लगातार बढ़ रही है।
