दिवाली पर अयोध्या पहुंचे CM योगी: हनुमानगढ़ी में की पूजा, गोरखपुर में वनटांगिया परिवारों के साथ मनाएंगे त्योहार; लक्ष्मी पूजन के 3 शुभ मुहूर्त

वृष लग्न में शाम 6 से 7:54 बजे तक पूजा का विशेष समय, रात 2:40 बजे तक मिलेंगे शुभ मुहूर्त

लखनऊ। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ दिवाली के मौके पर रविवार सुबह अयोध्या पहुंचे। उन्होंने प्रसिद्ध हनुमानगढ़ी मंदिर में दर्शन कर विधि-विधान से पूजा-अर्चना की। इसके बाद वे गोरखपुर जाएंगे, जहां शहर से करीब 15 किलोमीटर दूर एक गांव में वनटांगिया समुदाय के परिवारों के साथ दिवाली मनाएंगे। इस दौरान मुख्यमंत्री बच्चों को उपहार भी देंगे।

योगी आदित्यनाथ हर साल वनटांगिया समुदाय के लोगों के बीच दिवाली मनाने पहुंचते हैं। इस दौरान वे परिवारों से मुलाकात कर त्योहार की खुशियां साझा करते हैं।

लक्ष्मी पूजन के लिए तीन शुभ मुहूर्त

दिवाली पर मां लक्ष्मी की पूजा के लिए इस बार तीन स्थिर लग्न में शुभ समय बन रहे हैं। इनके अनुसार दोपहर से लेकर देर रात तक अलग-अलग समय पर पूजन किया जा सकता है।

कुंभ लग्न में पहला शुभ मुहूर्त दोपहर 1:22 बजे से शुरू होगा। इसके बाद वृष लग्न में शाम 6 बजे से 7:54 बजे तक पूजा का समय है। गृहस्थों के लिए इस अवधि को विशेष शुभ माना गया है। वहीं, सिंह लग्न में रात 12:26 बजे से 2:40 बजे तक पूजन किया जा सकता है। यह समय बड़े व्यापारियों के लिए शुभ बताया गया है।

लक्ष्मी के साथ गणेश पूजन का महत्व

धार्मिक मान्यता के अनुसार दिवाली पर मां लक्ष्मी के साथ भगवान गणेश की पूजा भी की जाती है।

लक्ष्मी को धन और गणेश को बुद्धि का देवता माना गया है। इसका संदेश है कि जीवन में धन के साथ विवेक भी जरूरी है, ताकि संपत्ति का सही उपयोग किया जा सके। मान्यता है कि स्थिर लग्न में विधि-विधान से पूजन करने से घर और कारोबार में सुख-समृद्धि बनी रहती है।

↑
Exit mobile version