सीएम साय ने महाशिवरात्रि की प्रदेशवासियों को दी शुभकामनाएँ

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने पावन पर्व महाशिवरात्रि के अवसर पर समस्त प्रदेशवासियों को हार्दिक शुभकामनाएँ और बधाइयाँ दी हैं। उन्होंने कहा कि महाशिवरात्रि आस्था, साधना और आत्मचिंतन का महत्वपूर्ण पर्व है, जो हमें आत्मसंयम, सेवा, त्याग और समर्पण के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देता है।

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि भगवान शिव का जीवन करुणा, धैर्य, तपस्या और लोकमंगल का अद्भुत उदाहरण है। उनका आदर्श हमें व्यक्तिगत जीवन के साथ-साथ सामाजिक और राष्ट्रीय कर्तव्यों के प्रति भी जागरूक करता है। शिव तत्व हमें सत्य, अहिंसा और सद्भाव के मार्ग पर चलकर समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाने की प्रेरणा देता है।

उन्होंने कहा कि महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर व्रत, पूजा-अर्चना और साधना के माध्यम से आत्मशुद्धि और आत्मबल को मजबूत करने का अवसर मिलता है। यह पर्व हमें नकारात्मकता को त्याग कर सकारात्मक सोच और कर्म की ओर अग्रसर होने का संदेश देता है।

मुख्यमंत्री साय ने कामना की कि भगवान भोलेनाथ और माता पार्वती की असीम कृपा से प्रदेशवासियों के जीवन में सुख, शांति, समृद्धि और आनंद का संचार हो। उन्होंने यह भी प्रार्थना की कि छत्तीसगढ़ राज्य निरंतर विकास, समृद्धि और सामाजिक समरसता के मार्ग पर आगे बढ़े तथा प्रदेश के प्रत्येक नागरिक का जीवन खुशहाल और सुरक्षित बने।

Exit mobile version