विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह को सीएम साय ने दी जन्मदिन की शुभकामनाएं

रायपुर। छत्तीसगढ़ विधानसभा अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह के जन्मदिन पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने उन्हें हार्दिक शुभकामनाएं दीं। राजनांदगांव के स्टेट स्कूल ग्राउंड में युवा वेलफेयर फाउंडेशन द्वारा आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री सीएम साय ने कहा कि डॉ. रमन सिंह जन-जन के ऐसे नेता हैं, जिन्होंने राज्य को नई दिशा दी।

उन्होंने कहा कि डॉ. सिंह के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ ने गरीबों, किसानों और जनजातीय क्षेत्रों के विकास में ऐतिहासिक कार्य किए। पीडीएस प्रणाली को सशक्त बनाकर उन्होंने पूरे देश को एक प्रभावी मॉडल दिया।

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि डॉ. रमन सिंह की सादगी, मितभाषिता और जनता के प्रति समर्पण उन्हें खास बनाता है। उन्होंने हमेशा विकास को प्राथमिकता दी, चाहे बात शिक्षा, स्वास्थ्य या बुनियादी सुविधाओं की हो।

उन्होंने बताया कि किसानों के लिए बनाई गई नीतियों का ही असर है कि आज छत्तीसगढ़ में 3100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से धान खरीदी की जा रही है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि विधानसभा की रजत जयंती वर्ष में यह गर्व का विषय है कि डॉ. सिंह जैसे नेतृत्वकर्ता के मार्गदर्शन में कई नवाचार हुए, जैसे प्रबोधन कार्यक्रम, जिससे विधायकों को संसदीय ज्ञान मिला।

कार्यक्रम में पद्मश्री कैलाश खेर की प्रस्तुति ने सभी को मंत्रमुग्ध कर दिया। इस अवसर पर कृषि मंत्री रामविचार नेताम, स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल, महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े सहित कई जनप्रतिनिधि उपस्थित थे।

Exit mobile version