रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने आज बलौदाबाजार के कृषि उपज मंडी परिसर में स्थित मनोविकास केंद्र का अवलोकन किया। उन्होंने विशेष आवश्यकता वाले बच्चों से मुलाकात की, उनकी प्रगति के बारे में जानकारी ली और अभिभावकों से फीडबैक प्राप्त किया। बच्चों द्वारा प्रस्तुत योग, संगीत और सांस्कृतिक गतिविधियों को देखकर मुख्यमंत्री साय भावविभोर हो गए और उनकी प्रतिभा की सराहना की।
मुख्यमंत्री ने कोविड केंद्र के भवन को मनोविकास केंद्र के रूप में फिर से उपयोग में लाने की प्रशासनिक पहल की सराहना की और इसे समाज में समावेशिता और करुणा को बढ़ावा देने वाला एक अच्छा मॉडल बताया। उन्होंने इसे मानवता की सच्ची सेवा कहा।
इस अवसर पर विशेष बालक शेष साहू ने गायत्री मंत्र का उच्चारण किया और सोमनाथ साहू ने ढोलक पर जसगीत प्रस्तुत किया। इसके अलावा, बच्चों ने सूर्य नमस्कार योग प्रदर्शन किया, जिसे मुख्यमंत्री ने विशेष रूप से सराहा और कहा कि यह उनकी शारीरिक और मानसिक सशक्तता का प्रमाण है।
मनोविकास केंद्र: समर्पण और सशक्तिकरण का प्रतीक
जनवरी 2025 में शुरू हुआ मनोविकास केंद्र विशेष आवश्यकता वाले बच्चों के समग्र विकास के लिए एक आदर्श संस्थान बन गया है। यह केंद्र अंबुजा अडानी सीमेंट संयंत्र के सीएसआर मद से संचालित हो रहा है और यहाँ 40 से अधिक बच्चों को विशेष शिक्षा, चिकित्सा सहयोग, व्यावसायिक प्रशिक्षण और कौशल विकास की सुविधाएं मिल रही हैं।
इस मौके पर राजस्व मंत्री टंकराम वर्मा, नगर पालिका अध्यक्ष अशोक जैन, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक विजय अग्रवाल सहित कई जनप्रतिनिधि और अधिकारी उपस्थित थे।