जशपुर के चराईडांड में निकाली गई तिरंगा यात्रा, सीएम साय हुए शामिल

भारत माता की जय और तिरंगे झंडे की जयकार से गूंज उठा पूरा वातावरण

जशपुर। ऑपरेशन सिंदूर की सफलता पर आज जशपुर जिले के चराईडांड गाँव में एक भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई। मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने इस यात्रा की शुरुआत की। उनके साथ जनप्रतिनिधि, अधिकारी, महिलाएं, बच्चे और बड़ी संख्या में आम लोग शामिल हुए। सबने हाथों में तिरंगा लेकर देशभक्ति के नारे लगाए।

यात्रा के दौरान पूरा माहौल “भारत माता की जय” और “वंदे मातरम्” के नारों से गूंज उठा। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह यात्रा हमारे वीर शहीदों को श्रद्धांजलि है और देश की एकता का प्रतीक है।

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने गांव के शिव मंदिर से आम बगीचा तक निकली गई इस भव्य यात्रा का शुभारंभ किया। मुख्यमंत्री के साथ हाथों में तिरंगा लिए जशपुर विधायक रायमुनि भगत , नगर पालिका अध्यक्ष अरविन्द भगत, जिला पंचायत अध्यक्ष सालिक साय, जिला पंचायत उपाध्यक्ष शौर्य प्रताप सिंह जूदेव, भरत सिंह, विक्रमादित्य सिंह जूदेव, सुनील गुप्ता, कृष्णा राय, सरगुजा कमिश्नर नरेन्द्र कुमार दुग्गा, आईजी दीपक झा, कलेक्टर रोहित व्यास, एसएसपी शशि मोहन सिंह, जिला पंचायत सीईओ अभिषेक कुमार, जनप्रतिनिधिगण, पंचायत एवं नगरीय निकायों के प्रतिनिधि, अधिकारी, आम नागरिक, बच्चे एवं जवान तिरंगा यात्रा में शामिल हुए।

यात्रा में सीएम साय ने कहा कि “ऑपरेशन सिंदूर” के तहत भारतीय सेना ने आतंकियों को करारा जवाब दिया है। यह अभियान देश की सुरक्षा और गर्व का प्रतीक है। मुख्यमंत्री ने जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में शहीद हुए वीरों को श्रद्धांजलि दी और कहा कि पूरे जिले में तिरंगा यात्रा निकाल कर हम सबने देश के प्रति सम्मान जताया है।
यात्रा में युवाओं, महिलाओं, बुजुर्गों और बच्चों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और देशभक्ति का संदेश दिया।

Exit mobile version