रायपुर। सरोना स्थित ‘शुभम के मार्ट’ में बुधवार को रोजमर्रा का सामान खरीद रहे लोग मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के अचानक आगमन से हैरान रह गए। मुख्यमंत्री जीएसटी बचत उत्सव के मद्देनजर आम जनता के अनुभव जानने मार्ट पहुंचे और खुद 1,645 रुपए का घरेलू सामान खरीदकर यूपीआई से भुगतान किया।
मुख्यमंत्री ने मार्ट में खरीदी के दौरान ग्राहकों से उनके घरेलू बजट और जीएसटी दरों में कटौती के प्रभाव पर बातचीत की। उन्होंने गृहिणियों से घरेलू खर्चों में आए बदलाव, युवाओं से उनकी दिनचर्या और वरिष्ठ नागरिकों से उनकी समस्याओं के बारे में जानकारी ली। लोगों ने बताया कि दवाइयों, राशन और रोजमर्रा की चीजों की कीमतें कम होने से उन्हें राहत मिली है।
मुख्यमंत्री का यह आत्मीय और सरल व्यवहार देखकर वहां मौजूद लोग बहुत प्रभावित हुए। उन्होंने कहा कि प्रदेश के मुखिया ने आज आम आदमी की तरह हमारे बीच रहकर हमारी समस्याओं और अनुभवों को समझा। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने जीएसटी सुधारों के लाभ को आम जनता तक पहुँचाने की महत्वता भी बताई।
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि जीएसटी दरों में कटौती का मुख्य उद्देश्य आम जनता के जीवन में वास्तविक राहत लाना है। उन्होंने इसे ‘बचत क्रांति’ का हिस्सा बताया और लोगों से कहा कि सुधारों का लाभ महसूस करना ही सरकार की प्राथमिकता है।
इस दौरान मुख्यमंत्री ने व्यापारियों का उत्साह बढ़ाया और कहा कि यह सुधार न केवल उपभोक्ताओं के लिए लाभकारी है, बल्कि व्यापारियों को भी प्रोत्साहित करता है। मार्ट में खरीदी और आम जनता से संवाद करके मुख्यमंत्री ने यह संदेश दिया कि सरकार की नीतियां सीधे नागरिकों तक पहुँच रही हैं और उनका उद्देश्य लोगों के दैनिक जीवन को सरल और किफायती बनाना है।