सीएम साय ने जारी की महतारी वंदन योजना की 24वीं किश्त

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय 30 जनवरी को नारायणपुर में आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम से छत्तीसगढ़ शासन की महत्वाकांक्षी महतारी वंदन योजना की 24वीं किस्त की राशि जारी करेंगे।

इस अवसर पर प्रदेश की 68 लाख 39 हजार 592 पात्र महिलाओं के बैंक खातों में डीबीटी (डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर) के माध्यम से कुल 641 करोड़ 34 लाख रुपए अंतरित किए जाएंगे।

छत्तीसगढ़ शासन द्वारा महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त और आत्मनिर्भर बनाने के उद्देश्य से महतारी वंदन योजना की शुरुआत 1 मार्च 2024 को की गई थी।

इस योजना के तहत 21 वर्ष या उससे अधिक आयु की विवाहित महिलाओं को प्रतिमाह 1,000 रुपए की सहायता राशि प्रदान की जा रही है, जिससे वे अपनी दैनिक जरूरतें पूरी कर सकें और सम्मानपूर्वक जीवन जी सकें।

योजना के शुभारंभ से अब तक 23 किस्तों के माध्यम से प्रदेश की महिलाओं को कुल 14,954.42 करोड़ रुपए की राशि सीधे उनके बैंक खातों में भेजी जा चुकी है।

डीबीटी के माध्यम से राशि का अंतरण होने से पारदर्शिता सुनिश्चित हुई है और बिचौलियों की भूमिका पूरी तरह समाप्त हो गई है। यह योजना महिला सशक्तिकरण की दिशा में राज्य सरकार की सबसे प्रभावी पहलों में से एक बनकर उभरी है।

मुख्यमंत्री साय द्वारा 24वीं किस्त जारी होने के बाद महतारी वंदन योजना के तहत वितरित कुल राशि बढ़कर 15,595.77 करोड़ रुपए हो जाएगी। इससे राज्य की लाखों महिलाएं प्रत्यक्ष रूप से लाभान्वित होंगी।

राज्य सरकार का मानना है कि इस योजना से महिलाओं की आर्थिक स्थिति मजबूत हुई है और वे छोटे घरेलू खर्चों के साथ-साथ अपने बच्चों की शिक्षा, स्वास्थ्य और पोषण पर भी बेहतर तरीके से ध्यान दे पा रही हैं। महतारी वंदन योजना अब केवल आर्थिक सहायता नहीं, बल्कि महिलाओं के आत्मसम्मान और आत्मनिर्भरता का मजबूत आधार बन चुकी है।

Exit mobile version