रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय एवं विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने बुद्ध जयंती के अवसर पर कोंडागांव जिले के भोंगापाल स्थित प्राचीन चैत्य परिसर में भगवान गौतम बुद्ध की पूजा-अर्चना कर प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की। यह कार्यक्रम ऐतिहासिक और धार्मिक दृष्टि से महत्वपूर्ण स्थल, 6वीं शताब्दी के भोंगापाल चैत्य में आयोजित किया गया, जहां भगवान बुद्ध की प्रतिमा विराजमान है।
पूजन कार्यक्रम में बोधगया से पधारे बौद्ध साधु भंते अश्वजीत महाथेरा, भंते ज्ञानवंश थेरो, भंते शीलवंश थेरो, भंते प्रमोद और भंते डीन वियतनाम ने बुद्धम शरणम् गच्छामि मंत्रोच्चार के साथ विधिवत पूजा-अर्चना संपन्न करवाई। इस अवसर पर केशकाल विधायक नीलकंठ टेकाम, बस्तर कमिश्नर डोमन सिंह, आईजी सुंदरराज पी., कलेक्टर श्रीमती नुपुर राशि पन्ना, एसपी वाय अक्षय कुमार सहित बड़ी संख्या में बौद्ध धर्म अनुयायी, जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित रहे। यह आयोजन प्रदेश में धार्मिक सौहार्द और सांस्कृतिक विरासत को समर्पित भावना का प्रतीक बना।