नारी सशक्तिकरण और महिला शिक्षा के लिए उनके योगदान को किया याद
रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने नारी सशक्तिकरण की अग्रदूत और महान समाजसेविका सावित्रीबाई फुले की पुण्यतिथि पर उन्हें भावपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित की है। उन्होंने कहा कि सावित्रीबाई फुले ने भारतीय समाज में महिला शिक्षा, सामाजिक समानता और समाज सुधार के क्षेत्र में ऐतिहासिक योगदान दिया है।
मुख्यमंत्री ने अपने संदेश में कहा कि सावित्रीबाई फुले भारतीय समाज में जागरूकता और परिवर्तन की सशक्त प्रतीक थीं। उन्होंने उस समय महिलाओं और वंचित वर्गों को शिक्षा से जोड़ने का साहसिक कार्य किया, जब समाज में कई तरह की सामाजिक बाधाएं मौजूद थीं। विपरीत परिस्थितियों के बावजूद उन्होंने अपने अदम्य साहस, दृढ़ संकल्प और दूरदर्शिता के बल पर शिक्षा के माध्यम से समाज में नई चेतना जगाई।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि सावित्रीबाई फुले का जीवन महिलाओं के अधिकार, शिक्षा और सम्मान के लिए संघर्ष का प्रेरणादायक उदाहरण है।
उन्होंने समाज के कमजोर और वंचित वर्गों को आगे बढ़ाने के लिए निरंतर प्रयास किए। उनके प्रयासों से शिक्षा के क्षेत्र में नई सोच विकसित हुई और महिलाओं को आगे बढ़ने का अवसर मिला।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सावित्रीबाई फुले ने अपने जीवन से यह संदेश दिया कि शिक्षा ही समाज में जागरूकता, समानता और प्रगति का सबसे प्रभावी माध्यम है। उनके विचार और कार्य आज भी समाज को शिक्षा और समानता की राह पर आगे बढ़ने की प्रेरणा देते हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि महिला शिक्षा और सामाजिक सुधार के लिए उनका संघर्ष भारतीय समाज के इतिहास में स्वर्णाक्षरों में अंकित है। उनके आदर्श और सिद्धांत आने वाली पीढ़ियों को भी प्रेरित करते रहेंगे और समाज में समानता, जागरूकता तथा सशक्तिकरण की दिशा में मार्गदर्शन देते रहेंगे।
