सीएम साय ने कुसुम सिन्हा को दी श्रद्धांजलि

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने छत्तीसगढ़ उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश रमेश सिन्हा की पूज्य माता कुसुम सिन्हा को श्रद्धांजलि अर्पित की।

मुख्यमंत्री ने बिलासपुर के बोदरी स्थित मुख्य न्यायाधीश निवास में आयोजित श्रद्धांजलि सभा में पहुंचकर उनके छायाचित्र पर पुष्प अर्पित किए तथा दिवंगत आत्मा की शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना की।

मुख्यमंत्री साय ने शोक संतप्त परिजनों से भेंट कर उन्हें ढांढस बंधाया और कहा कि माता का स्नेह, संस्कार और त्याग जीवन की सबसे बड़ी पूंजी होते हैं।

उन्होंने कहा कि स्वर्गीय कुसुम सिन्हा का सरल, स्नेहमयी और अनुकरणीय व्यक्तित्व सदैव स्मरणीय रहेगा। उनके द्वारा दिए गए संस्कार और मूल्य परिवार के साथ-साथ समाज के लिए भी प्रेरणास्रोत बने रहेंगे।

मुख्यमंत्री ने इस दुख की घड़ी में परिवार को संबल प्रदान करने की कामना की और ईश्वर से दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान देने की प्रार्थना की।

श्रद्धांजलि सभा के दौरान उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि माता का स्थान जीवन में सर्वोपरि होता है। उनके द्वारा दिए गए संस्कार व्यक्ति के संपूर्ण व्यक्तित्व का निर्माण करते हैं।

कुसुम सिन्हा का जीवन सादगी, करुणा और सेवा भावना का उत्कृष्ट उदाहरण रहा है, जिसे उनके परिजन और शुभचिंतक सदैव याद रखेंगे।

Exit mobile version