रायपुर/रायगढ़। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने आज अपने रायगढ़ प्रवास के दौरान राजापारा स्थित ऐतिहासिक भगवान जगन्नाथ मंदिर में पहुँचकर विधि-विधान से पूजा-अर्चना की। मुख्यमंत्री ने महाप्रभु जगन्नाथ के चरणों में शीश नवाकर समस्त प्रदेशवासियों के जीवन में सुख, समृद्धि, शांति और खुशहाली की मंगल कामना की।
उत्कल दिवस के अवसर पर पहुँचे रायगढ़
मुख्यमंत्री श्री साय रायगढ़ में उत्कल सांस्कृतिक सेवा समिति द्वारा आयोजित ‘उत्कल दिवस एवं वार्षिकोत्सव स्नेह सम्मेलन’ में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होने पहुँचे थे। इसी कार्यक्रम के क्रम में उन्होंने उत्कल समाज द्वारा निर्मित इस भव्य मंदिर के दर्शन कर आशीर्वाद प्राप्त किया।
गरिमामयी उपस्थिति
इस धार्मिक एवं सांस्कृतिक अवसर पर मुख्यमंत्री के साथ झारसुगुड़ा विधायक टंकाधर त्रिपाठी, विधायक पुरंदर मिश्रा और रायगढ़ महापौर जीवर्धन चौहान भी उपस्थित रहे। मंदिर परिसर में स्थानीय जनप्रतिनिधियों, गणमान्य नागरिकों और उत्कल समाज के प्रमुखजनों ने मुख्यमंत्री का आत्मीय स्वागत किया। मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर समाज की सांस्कृतिक विरासत की सराहना करते हुए आपसी भाईचारे और स्नेह को और मजबूत करने का संदेश दिया।
