सीएम साय ने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से की मुलाकात, राज्योत्सव आने का दिया न्योता

दिल्ली। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने आज नई दिल्ली स्थित राष्ट्रपति भवन में भारत की राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मू से सौजन्य भेंट की।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री साय ने राष्ट्रपति को अवगत कराया कि वर्ष 2025 छत्तीसगढ़ राज्य के गठन की रजत जयंती वर्ष के रूप में मनाया जा रहा है। उन्होंने राज्य सरकार द्वारा इस विशेष अवसर पर किए जा रहे विकास कार्यों, जनकल्याण योजनाओं और सांस्कृतिक कार्यक्रमों की विस्तृत जानकारी दी।

मुख्यमंत्री साय ने राष्ट्रपति मुर्मू को छत्तीसगढ़ आगमन के लिए सादर आमंत्रित किया। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने छत्तीसगढ़ की रजत जयंती वर्षगांठ पर हार्दिक शुभकामनाएँ दीं और राज्य के सर्वांगीण विकास, जनकल्याण और सामाजिक प्रगति के लिए किए जा रहे प्रयासों की सराहना की। उन्होंने प्रदेश की निरंतर प्रगति और समृद्धि की कामना भी की।

मुख्यमंत्री और राष्ट्रपति के बीच हुई बातचीत में छत्तीसगढ़ राज्य के विकास मॉडल, आर्थिक प्रगति, शिक्षा और स्वास्थ्य के क्षेत्र में किए जा रहे नवाचार तथा सांस्कृतिक और सामाजिक कार्यक्रमों की जानकारी साझा की गई।

इस अवसर पर केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य राज्य मंत्री तोखन साहू और मुख्यमंत्री के प्रमुख सचिव सुबोध कुमार सिंह भी उपस्थित थे। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि राष्ट्रपति की गरिमामयी उपस्थिति से राज्य की रजत जयंती वर्षगांठ की शोभा और बढ़ेगी और प्रदेशवासियों के उत्साह में इजाफा होगा। उन्होंने इस भेंट को छत्तीसगढ़ और केंद्र सरकार के बीच बेहतर संवाद और सहयोग का अवसर भी बताया।

Exit mobile version