रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय से आज उनके निवास कार्यालय में प्रसिद्ध कथावाचक देवी चित्रलेखा ने सौजन्य भेंट की। मुख्यमंत्री साय ने उन्हें शॉल और श्रीफल भेंटकर सम्मानित किया।
देवी चित्रलेखा, जो अपनी प्रेरक कथाओं और भक्ति प्रवचनों के लिए प्रसिद्ध हैं, ने मुख्यमंत्री श्री साय के नेतृत्व में राज्य में हो रहे विकास कार्यों की सराहना की और जनकल्याण के लिए अपनी शुभकामनाएँ दीं।
मुख्यमंत्री साय ने देवी चित्रलेखा के आध्यात्मिक और सामाजिक योगदान की सराहना करते हुए कहा कि उनके प्रवचन समाज को जागरूक करने के साथ-साथ नैतिक मूल्यों को भी मजबूत करते हैं। उन्होंने कहा कि देवी चित्रलेखा जी का कार्य समाज में सकारात्मक बदलाव लाने वाला है और उनके प्रयास लोगों के लिए प्रेरणादायक हैं। इस अवसर पर दोनों के बीच आध्यात्मिक चेतना, सांस्कृतिक मूल्यों की रक्षा और समाज में समरसता को बढ़ावा देने पर भी विचार विमर्श हुआ।