सीएम साय ने 37वीं फेडरेशन कप व्हॉलीबॉल चैंपियनशिप का किया उद्घाटन

अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ियों से सजी 16 टीमें ले रहीं हिस्सा, 3 से 8 फरवरी तक रायपुर में आयोजन

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने आज रायपुर के सरदार बलबीर सिंह जुनेजा इंडोर स्टेडियम में 37वीं फेडरेशन कप व्हॉलीबॉल चैंपियनशिप का भव्य उद्घाटन किया।

छत्तीसगढ़ राज्य व्हॉलीबॉल एसोसिएशन द्वारा आयोजित यह प्रतिष्ठित प्रतियोगिता 3 से 8 फरवरी तक चलेगी, जिसमें देशभर की 16 टीमें भाग ले रही हैं। चैंपियनशिप में भारत के लिए खेल चुके कई अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी भी हिस्सा ले रहे हैं, जिससे मुकाबले का स्तर बेहद ऊंचा रहने की उम्मीद है।

प्रतियोगिता में पुरुष वर्ग की 10 और महिला वर्ग की 6 टीमें शामिल हैं। रेलवे, सर्विसेस, इंडियन यूनिवर्सिटी सहित केरल, तमिलनाडू, पंजाब, हरियाणा, राजस्थान, झारखंड और छत्तीसगढ़ की टीमें मैदान में अपनी ताकत आजमा रही हैं।

महिला वर्ग में भी रेलवे, इंडियन यूनिवर्सिटी, केरल, हरियाणा, राजस्थान और छत्तीसगढ़ की टीमें भाग ले रही हैं।

उद्घाटन के बाद मुख्यमंत्री साय इंडोर स्टेडियम में ही मौजूद रहे और तमिलनाडू तथा सर्विसेस के बीच हुए उद्घाटन मैच को पूरा देखा। यह मुकाबला बेहद रोमांचक रहा और कांटे की टक्कर के बाद मैच समाप्त होने पर ही मुख्यमंत्री स्टेडियम से बाहर निकले। इस दौरान विधायक सुनील सोनी भी उद्घाटन कार्यक्रम में उपस्थित रहे।

मुख्यमंत्री साय ने अपने संबोधन में कहा कि छत्तीसगढ़ की धरती पर देशभर से आए खिलाड़ियों का स्वागत है। व्हॉलीबॉल टीमवर्क, सहयोग और अनुशासन की भावना को मजबूत करता है।

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार खिलाड़ियों को बेहतर अधोसंरचना, प्रशिक्षण और प्रोत्साहन देने के लिए लगातार प्रयासरत है। राज्य खेल अलंकरण सम्मान को पुनः प्रारंभ किया गया है और ओलंपिक में पदक जीतने वाले खिलाड़ियों के लिए करोड़ों रुपये की प्रोत्साहन राशि तय की गई है।

छत्तीसगढ़ व्हॉलीबॉल एसोसिएशन के अध्यक्ष महेश गागड़ा ने स्वागत भाषण दिया। कार्यक्रम में विभिन्न खेल संघों के पदाधिकारी, खिलाड़ी और बड़ी संख्या में खेलप्रेमी मौजूद रहे।

Exit mobile version