रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने आज राजधानी रायपुर के कमल विहार में अत्याधुनिक न्यूरो स्पाइन रिहैबिलिटेशन सेंटर का शुभारंभ किया। उद्घाटन के बाद उन्होंने अस्पताल परिसर का निरीक्षण किया और मरीजों से मिलकर उनका हालचाल जाना।
मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में तेजी से प्रगति कर रहा है। उन्होंने बताया कि राज्य की रजत जयंती वर्ष में यह एक बड़ी उपलब्धि है। इस सेंटर से न्यूरो और रीढ़ की हड्डी से जुड़ी बीमारियों का उन्नत इलाज संभव होगा।
मुख्यमंत्री साय ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की आयुष्मान भारत योजना की भी सराहना की। उन्होंने कहा कि इस योजना के जरिए लाखों लोगों को मुफ्त इलाज की सुविधा मिल रही है। मुख्यमंत्री ने बताया कि नवा रायपुर में एक बड़ा ‘मेडिसिटी’ प्रोजेक्ट तैयार हो रहा है, जिससे छत्तीसगढ़ देश के मेडिकल मानचित्र पर एक मजबूत पहचान बनाएगा।
उन्होंने कहा कि रायपुर अब देश के एक उभरते मेडिकल हब के रूप में सामने आ रहा है। इस तरह के आधुनिक संस्थानों से लोगों को अपने ही शहर में विश्वस्तरीय इलाज मिलेगा और उन्हें बाहर नहीं जाना पड़ेगा। कार्यक्रम के अंत में मुख्यमंत्री ने सेंटर के डॉक्टरों और स्टाफ को बधाई दी। उन्होंने उम्मीद जताई कि यह संस्थान न्यूरो और स्पाइन से जुड़ी गंभीर बीमारियों के इलाज में बड़ी भूमिका निभाएगा और जनसेवा का बेहतरीन उदाहरण बनेगा।