उज्ज्वला गैस, पिंक ई-रिक्शा और गार्बेज रिक्शा का वितरण करके सीएम साय ने दी सौगात

जनकल्याणकारी योजनाओं से बदल रही जिंदगी : मुख्यमंत्री ने हितग्राहीमूलक सामग्रियों का किया वितरण
रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने आज कोरिया प्रवास के दौरान कोरिया महोत्सव के शुभारंभ अवसर पर विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के अंतर्गत हितग्राहियों को हितग्राहीमूलक सामग्री का वितरण कर उन्हें लाभान्वित किया।
इस अवसर पर बड़ी संख्या में महिलाएं, स्व-सहायता समूहों की सदस्याएं और स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे। मुख्यमंत्री साय ने 105 पात्र हितग्राहियों को प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के तहत गैस कनेक्शन प्रदान किए।
उन्होंने कहा कि इस योजना से गरीब परिवारों की महिलाओं को धुएं से मुक्ति मिलेगी और स्वच्छ, सुरक्षित तथा स्वास्थ्य के अनुकूल ईंधन की सुविधा उपलब्ध होगी। इससे महिलाओं के स्वास्थ्य में सुधार के साथ-साथ रसोई कार्य भी आसान होगा और उनके जीवन स्तर में सकारात्मक बदलाव आएगा।
स्व-रोजगार और महिला सशक्तिकरण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से मुख्यमंत्री ने 6 आजीविका दीदियों को पिंक ई-रिक्शा (ग्रामीण आजीविका एक्सप्रेस) वितरित किए।
उन्होंने कहा कि यह पहल महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने, उनकी नियमित आय सुनिश्चित करने और ग्रामीण परिवहन व्यवस्था को सुदृढ़ करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। इससे महिलाओं को सम्मानजनक रोजगार मिलेगा और गांवों की आर्थिक गतिविधियों को भी नई गति मिलेगी।
इसके साथ ही मुख्यमंत्री साय ने जिले की स्वच्छता व्यवस्था को मजबूत करने के लिए 14 स्वच्छता दीदियों को गार्बेज रिक्शा भी प्रदान किए। उन्होंने कहा कि स्वच्छता केवल सरकारी जिम्मेदारी नहीं, बल्कि सामूहिक सहभागिता का अभियान है। इसमें महिलाओं की भागीदारी समाज को स्वच्छ, स्वस्थ और सुंदर बनाने में अहम भूमिका निभा रही है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार का लक्ष्य है कि जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे। उन्होंने भरोसा दिलाया कि सरकार आत्मनिर्भर छत्तीसगढ़ के निर्माण के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है, ताकि हर परिवार सशक्त, सुरक्षित और सम्मानपूर्वक जीवन जी सके।





