सीएम साय ने सीडीएस परीक्षा में ऑल इंडिया चौथा रैंक प्राप्त करने वाली सुप्रिया ठाकुर को किया सम्मानित

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने आज मंत्रालय महानदी भवन स्थित अपने कार्यालय में सीडीएस परीक्षा में ऑल इंडिया चौथा रैंक प्राप्त करने वाली मुंगेली जिले की सुप्रिया ठाकुर को सम्मानित किया।

मुख्यमंत्री ने सुप्रिया और उनके परिजनों को पुष्पगुच्छ भेंट कर बधाई एवं शुभकामनाएं दीं तथा उनकी सफलता पर मुँह मीठा कराकर उत्साहवर्धन किया। इस अवसर पर मुंगेली कलेक्टर कुंदन कुमार भी उपस्थित रहे।

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि सुप्रिया की यह सफलता यह संदेश देती है कि यदि लक्ष्य स्पष्ट हो और प्रयास ईमानदार हों, तो साधारण पृष्ठभूमि से आने वाला युवा भी असाधारण उपलब्धि हासिल कर सकता है।

उन्होंने कहा कि सुप्रिया का अनुशासन, परिश्रम और राष्ट्रसेवा के प्रति समर्पण राज्य के युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत है। उन्होंने प्रदेश के युवाओं से आह्वान किया कि वे सुप्रिया से प्रेरणा लेकर अपने जीवन के लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए निरंतर मेहनत करें।

उल्लेखनीय है कि जिले के ग्राम टेढ़ाधौंरा की 23 वर्षीय सुप्रिया ठाकुर ने संयुक्त रक्षा सेवा (सीडीएस) परीक्षा में ऑल इंडिया चौथी रैंक प्राप्त कर मुंगेली जिला सहित पूरे राज्य को राष्ट्रीय स्तर पर गौरवान्वित किया है।

अपनी प्रतिभा, दृढ़ संकल्प और अथक परिश्रम के बल पर वे भारतीय सेना में लेफ्टिनेंट पद पर चयनित हुई हैं।

साधारण किसान परिवार से आने वाली सुप्रिया ने प्रारंभिक शिक्षा सेंट जोसेफ हायर सेकेंडरी स्कूल से प्राप्त की। उन्होंने बी.टेक (इलेक्ट्रॉनिक एंड टेलीकम्युनिकेशन) में स्नातक की डिग्री हासिल की।

अध्ययन के दौरान उन्होंने एनसीसी से जुड़कर नेतृत्व कौशल विकसित किया और जूनियर अंडर ऑफिसर पद तक पहुंचीं। एनसीसी प्रशिक्षण ने उनके भीतर अनुशासन, साहस और देशभक्ति की भावना को मजबूत किया।

इंजीनियरिंग पूर्ण करने के बाद उन्होंने सीडीएस परीक्षा की कठोर तैयारी की और शॉर्ट सर्विस कमिशन के तहत आयोजित एसएसबी साक्षात्कार में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर यह ऐतिहासिक सफलता हासिल की। सुप्रिया की उपलब्धि ग्रामीण अंचल की बेटियों के लिए प्रेरणा की मिसाल बन गई है।

Exit mobile version