चैत्र नवरात्रि और गुड़ी पड़वा की सीएम साय ने प्रदेशवासियों को दी शुभकामनाएं

रायपुर। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने प्रदेशवासियों को चैत्र नवरात्रि, हिंदू नववर्ष (नव संवत्सर) और गुड़ी पड़वा के पावन अवसर पर हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं। 18 मार्च 2026 को जारी अपने संदेश में मुख्यमंत्री ने समस्त नागरिकों के जीवन में सुख, समृद्धि, शांति और उत्तम स्वास्थ्य की मंगलकामना की है।

सांस्कृतिक और आध्यात्मिक चेतना का पर्व

मुख्यमंत्री ने कहा कि चैत्र मास के प्रथम दिन से शुरू होने वाला हिंदू नववर्ष केवल एक तिथि परिवर्तन नहीं, बल्कि नव ऊर्जा, नव संकल्प और नव चेतना का प्रतीक है।

इसी दिन से शक्ति की उपासना का महापर्व चैत्र नवरात्रि भी प्रारंभ होता है, जो पूरे देश में श्रद्धा और आध्यात्मिक आस्था के साथ मनाया जाता है। उन्होंने गुड़ी पड़वा को आशा और उत्साह का उत्सव बताते हुए कहा कि यह पर्व समाज में सकारात्मकता और नई शुरुआत का संदेश देता है।

छत्तीसगढ़ की समृद्ध देवी परंपरा

मुख्यमंत्री साय ने छत्तीसगढ़ की गहरी सांस्कृतिक और आध्यात्मिक विरासत का उल्लेख करते हुए प्रदेश की प्रमुख देवी पीठों को याद किया। उन्होंने कहा कि, मां दंतेश्वरी, महामाया, बम्लेश्वरी, चंद्रहासिनी, शीतला, कंकाली और बिलईमाता जैसे विविध स्वरूपों में प्रदेश की आस्था रची-बसी है। नवरात्रि के इन नौ दिनों में छत्तीसगढ़ की पावन धरा भक्ति और साधना से आलोकित रहती है, जो सामाजिक समरसता और आंतरिक चेतना का संचार करती है।

सुशासन और विकास का संकल्प

अपने संदेश के अंत में मुख्यमंत्री ने दोहराया कि राज्य की सुशासन सरकार छत्तीसगढ़ की सांस्कृतिक धरोहर को सहेजते हुए विकास और विश्वास के नए आयाम स्थापित करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने मां भगवती से प्रार्थना की कि उनकी कृपा से प्रदेश निरंतर प्रगति के पथ पर अग्रसर रहे और हर परिवार खुशहाली से परिपूर्ण हो।

Exit mobile version