रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने भारतीय मूल की प्रसिद्ध अंतरिक्ष यात्री सुनीता विलियम्स को उनके ऐतिहासिक अंतरिक्ष मिशन की सफल समाप्ति और पृथ्वी पर सुरक्षित वापसी पर हार्दिक बधाई दी। मुख्यमंत्री साय ने कहा कि यह अभियान सुनीता विलियम्स के धैर्य, साहस और विज्ञान के प्रति उनकी प्रतिबद्धता की अद्भुत मिसाल है, जो पूरी दुनिया के लिए प्रेरणादायक है।
मुख्यमंत्री ने अपने संदेश में कहा कि सुनीता विलियम्स ने कठिनाइयों के बावजूद न केवल अंतरिक्ष में अद्वितीय कार्य किया, बल्कि नारी शक्ति का भी उदाहरण प्रस्तुत किया। उनके इस मिशन ने विज्ञान और अंतरिक्ष अन्वेषण में एक नई उपलब्धि हासिल की है। उनकी यात्रा भारत और पूरी दुनिया के लिए प्रेरणा का स्रोत बनी है। मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि सुनीता विलियम्स की सफलता नारी शक्ति और अडिग इच्छाशक्ति का प्रतीक है, जो भारत की बेटियों और युवाओं को उनके सपनों को ऊँचाइयों तक पहुँचाने के लिए प्रेरित करेगी। यह मिशन अंतरिक्ष विज्ञान और अनुसंधान में एक नए युग की शुरुआत का प्रतीक है।
मुख्यमंत्री ने महिलाओं की बढ़ती भागीदारी की सराहना करते हुए कहा कि भारत की महिलाएँ अब हर क्षेत्र में अपनी पहचान बना रही हैं, और यह मिशन इसका प्रमाण है। इसके साथ ही, मुख्यमंत्री ने भारतीय वैज्ञानिक समुदाय और इसरो के योगदान की भी सराहना की। मुख्यमंत्री साय ने कहा कि हमें सुनीता विलियम्स पर गर्व है। उनकी असाधारण उपलब्धि से भारत का नाम एक बार फिर अंतरिक्ष जगत में स्वर्ण अक्षरों में अंकित हुआ है। उनकी यह यात्रा विज्ञान और अनुसंधान में नई ऊर्जा का संचार करेगी।