प्रदेश की सुख-समृद्धि और खुशहाली के लिए की कामना
रायपुर। नववर्ष 2026 के प्रथम दिवस पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय एवं केंद्रीय पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री गजेन्द्र सिंह शेखावत ने कबीरधाम जिले के ऐतिहासिक और प्रसिद्ध भोरमदेव मंदिर पहुंचकर विधिवत पूजा-अर्चना की।
मंदिर परिसर में उन्होंने भगवान शिव के समक्ष श्रद्धा के साथ आरती की और प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि, शांति, खुशहाली तथा जनकल्याण की कामना की।
मुख्यमंत्री साय ने इस अवसर पर कहा कि भोरमदेव मंदिर छत्तीसगढ़ की समृद्ध सांस्कृतिक और धार्मिक विरासत का महत्वपूर्ण केंद्र है।
नववर्ष के शुभ अवसर पर यहां पूजा-अर्चना से सकारात्मक ऊर्जा और जनकल्याण का संकल्प और अधिक मजबूत होता है। उन्होंने प्रदेशवासियों के लिए समृद्ध भविष्य, विकास और सौहार्द की कामना की।
केंद्रीय पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री गजेन्द्र सिंह शेखावत ने कहा कि भोरमदेव मंदिर न केवल छत्तीसगढ़ बल्कि देश की अमूल्य धरोहर है।
ऐसे ऐतिहासिक स्थलों के संरक्षण और पर्यटन विकास से राज्य की सांस्कृतिक पहचान को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान मिलती है। उन्होंने नए वर्ष में प्रदेश के पर्यटन को नई ऊंचाइयों पर ले जाने की भी कामना की।
इस अवसर पर केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू, उप मुख्यमंत्री अरुण साव एवं विजय शर्मा, पर्यटन मंत्री राजेश अग्रवाल, विधायक भावना बोहरा सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। सभी ने नववर्ष पर प्रदेश की उन्नति और खुशहाली के लिए प्रार्थना की।
