रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने राजधानी रायपुर के मरीन ड्राइव में आयोजित स्वतंत्रता दौड़ में हजारों युवाओं के साथ हिस्सा लिया और भारत माता व अमर बलिदानी रानी दुर्गावती की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें नमन किया। उन्होंने कहा कि तिरंगा हमारे पूर्वजों के वर्षों के संघर्ष और बलिदान का जीवंत प्रतीक है। हम इसकी शान को बनाए रखेंगे और मिलकर विकसित, समृद्ध एवं सशक्त छत्तीसगढ़ का निर्माण करेंगे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि तिरंगा हमारी वीरता, शांति और समृद्धि का अमिट प्रतीक है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान पर देशभर में स्वतंत्रता दिवस पर हर-घर तिरंगा फहराने और तिरंगा यात्राओं से यह पर्व जन-जन से जुड़ा है। उन्होंने याद दिलाया कि स्वतंत्रता दिवस अनगिनत बलिदानों की अमूल्य देन है और हमें अपने प्रदेश को विकास की नई ऊँचाइयों पर ले जाने का संकल्प लेना चाहिए। उन्होंने वर्ष 2047 तक विकसित छत्तीसगढ़ विज़न डॉक्यूमेंट के अनुरूप कार्य करने का संकल्प दोहराया।
कार्यक्रम में खेल एवं युवा कल्याण मंत्री टंकराम वर्मा ने कहा कि स्वतंत्रता दौड़ आजादी के संघर्ष का प्रतिसाद है और हमें विकसित, स्वच्छ, स्वस्थ व श्रेष्ठ भारत के लिए योगदान देना चाहिए। इस मौके पर विधायक पुरंदर मिश्रा, मोतीलाल साहू, गुरु खुशवंत साहेब, अनुज शर्मा, जिला पंचायत अध्यक्ष नवीन अग्रवाल, खेल एवं युवा कल्याण विभाग के सचिव यशवंत कुमार सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि और युवा मौजूद थे।