सीएम ने 225 करोड़ में खरीदा हेलीकॉप्टर, 9 लोग बैठ सकेंगे; 63 नए हेलीपैड बनेंगे

भोपाल। मध्यप्रदेश सरकार ने करीब 225 करोड़ रुपए की लागत से एयरबस ACH160 हेलीकॉप्टर खरीदने का फैसला किया है। हेलीकॉप्टर की डिलीवरी नवंबर में प्रस्तावित है। इसके साथ ही सरकार करीब 350 करोड़ रुपए का बॉम्बार्डियर चैलेंजर-3500 जेट भी अपने बेड़े में शामिल करने की तैयारी में है। जेट की डिलीवरी सितंबर के अंत तक प्रस्तावित बताई गई है।

नए एयरक्राफ्ट का प्रदेशभर में उपयोग बढ़ाने के लिए हेलीपैड और हवाई पट्टियों का नेटवर्क विकसित किया जाएगा। सरकार अगले दो साल में करीब 63 नए हेलीपैड बनाने की योजना पर काम कर रही है। इनका नेटवर्क लगभग हर 50 किलोमीटर के दायरे में बनाने का लक्ष्य है। इससे मुख्यमंत्री और अन्य वीआईपी के जिलों और दूरदराज के क्षेत्रों तक सीधे पहुंचने का विकल्प बढ़ेगा।

ACH160 में दो पायलट समेत 9 लोग बैठेंगे

एयरबस से खरीदे जा रहे ACH160 में दो पायलट समेत 9 लोगों के बैठने की व्यवस्था होगी। कंपनी के दस्तावेजों के अनुसार इस मॉडल को अधिकतम 10 यात्रियों की क्षमता के साथ भी तैयार किया जा सकता है। इसकी अधिकतम उड़ान अवधि करीब 4 घंटे 30 मिनट और क्रूज स्पीड 155 नॉट बताई गई है। हेलीकॉप्टर में आधुनिक तकनीक और कैमरों की सुविधा भी होगी।

20 हवाई पट्टियों के विस्तार की तैयारी

सरकार करीब 20 हवाई पट्टियों के विस्तार की योजना बना रही है। इस पर 300 से 400 करोड़ रुपए खर्च होने का अनुमान है। नए जेट के संचालन के लिए कम से कम करीब 1800 मीटर लंबे रनवे की जरूरत होगी। प्रदेश के 28 एयरफील्ड में से करीब 10 जगहों पर फिलहाल यह जेट उतर सकता है।

चैलेंजर-3500 में 9 यात्री और दो पायलट बैठ सकेंगे। इसका इस्तेमाल मुख्यमंत्री और अन्य वीआईपी यात्राओं के लिए किया जाएगा। नए जेट के संचालन की तैयारी के तहत मध्यप्रदेश के दो पायलटों ने जुलाई में कनाडा में बॉम्बार्डियर के प्रशिक्षण कार्यक्रम में हिस्सा लिया है।

↑
Exit mobile version