कवर्धा मेडिकल कॉलेज में पहली बार शुरू हुई पढ़ाई: छात्रों से बोले विजय शर्मा- डॉक्टर बनना अंतिम लक्ष्य नहीं

कवर्धा। कबीरधाम जिले के चिकित्सा शिक्षा इतिहास में बुधवार का दिन महत्वपूर्ण रहा। शासकीय मेडिकल कॉलेज कवर्धा में प्रथम शैक्षणिक सत्र और पहले बैच की पढ़ाई शुरू हुई। इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री और कवर्धा विधायक विजय शर्मा तथा सांसद संतोष पांडेय ने नवप्रवेशी छात्र-छात्राओं का स्वागत किया। विद्यार्थियों को एप्रॉन, स्टेथोस्कोप, पेन और गुलाब का फूल देकर नए शैक्षणिक जीवन के लिए शुभकामनाएं दी गईं।

उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने विद्यार्थियों से कहा कि डॉक्टर बनने का सपना बड़ा लक्ष्य है, लेकिन इसे अंतिम मंजिल नहीं मानना चाहिए। लक्ष्य निरंतर आगे बढ़ने की यात्रा है। उन्होंने कहा कि उद्देश्य केवल डॉक्टर बनना नहीं, बल्कि डॉक्टर बनकर समाज के लिए अच्छा काम करना होना चाहिए। विद्यार्थियों से मन लगाकर पढ़ाई करने और अनावश्यक तनाव से बचने की अपील की।

परिवार और समाज के प्रति सेवा भाव रखें

विजय शर्मा ने कहा कि विद्यार्थियों को आगे बढ़ने में परिवार और समाज का योगदान रहता है। इसलिए उनके प्रति सेवा और कृतज्ञता का भाव बनाए रखना चाहिए। उन्होंने कहा कि सफलता किसी एक व्यक्ति के प्रयास का परिणाम नहीं होती, बल्कि परिवार और अन्य लोगों के सहयोग से मिलती है।

सांसद संतोष पांडेय ने कहा कि सभी के प्रयासों से कवर्धा में मेडिकल कॉलेज के पहले बैच की शुरुआत हुई है। उन्होंने चिकित्सा शिक्षा और स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार का उल्लेख करते हुए विद्यार्थियों को शुभकामनाएं दीं।

छात्रों ने साझा की तैयारी की कहानी

कार्यक्रम के दौरान उपमुख्यमंत्री ने विद्यार्थियों से संवाद कर उनकी तैयारी, कोचिंग और पढ़ाई की दिनचर्या के बारे में जानकारी ली। राजनांदगांव की अतिथि देवांगन दूसरे प्रयास में सफल हुईं। उन्होंने बताया कि पिता ने उन्हें लगातार प्रयास करने के लिए प्रेरित किया। भूपेंद्र सिंह ने ऑनलाइन कोचिंग, जबकि कवर्धा के आकाश धुर्वे ने लाइब्रेरी में स्व-अध्ययन के जरिए तैयारी की। भिलाई की हर्षिता तीसरे प्रयास में सफल हुईं।

विद्यार्थियों ने बताया कि वे करीब 8 घंटे किताबों से और 3-4 घंटे डिजिटल माध्यम से पढ़ाई करते थे। कलेक्टर तुलिका प्रजापति ने कहा कि डॉक्टर के पास आने वाला मरीज स्वस्थ होने की उम्मीद रखता है, इसलिए चिकित्सा क्षेत्र में संवेदनशीलता और सेवा भाव जरूरी है।

↑
Exit mobile version