रायपुर। सुशासन तिहार के अंतर्गत मुख्यमंत्री विष्णु देव साय आज बलौदाबाजार-भाटापारा जिले के कसडोल विकासखंड के बल्दाकछार गांव पहुंचे। यहां उन्होंने अटल डिजिटल सेवा केंद्र का निरीक्षण किया और वहां मिलने वाली सेवाओं की जानकारी ली।
मुख्यमंत्री ने केंद्र संचालक व्हीएलई रोशन लाल पटेल से सेवा केंद्र के संचालन और उपलब्ध सुविधाओं के बारे में जानकारी ली। इस दौरान बल्दाकछार की बिसनी बाई ध्रुव और घिरघोल गांव की सविता ने अपने बैंक खाते से एक-एक हजार रुपये निकाले। मुख्यमंत्री ने इस सुविधा को देखकर संतोष जताया और कहा कि सरकार का उद्देश्य है कि लोगों को ज्यादा से ज्यादा सुविधा उनके गांव में ही मिले।
उन्होंने कहा कि अटल डिजिटल सेवा केंद्र खुलने से अब गांव वालों को बैंक नहीं जाना पड़ेगा। बैंकिंग समेत कई जरूरी सेवाएं अब गांव में ही उपलब्ध हैं। उन्होंने सभी ग्रामीणों से इस केंद्र का अधिक से अधिक लाभ उठाने की अपील की। बिसनी बाई ने बताया कि पहले बैंक जाने में समय और मेहनत लगती थी, लेकिन अब गांव में ही पैसा निकालना आसान हो गया है।
केंद्र संचालक रोशन पटेल ने बताया कि इस सेवा केंद्र की शुरुआत पंचायती राज दिवस 24 अप्रैल 2025 को हुई थी। यहां जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र, आय, जाति, निवास प्रमाण पत्र, पेंशन, बीमा, पासपोर्ट, बिजली बिल भुगतान, यात्रा टिकट बुकिंग जैसी कई सेवाएं एक ही जगह पर मिलती हैं।