मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने टोक्यो में किया गांधीजी को नमन

रायपुर/टोक्यो। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने अपने जापान दौरे के दौरान टोक्यो स्थित लिटिल इंडिया पहुँचकर महात्मा गांधी की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर नमन किया। उन्होंने कहा कि महात्मा गांधी का शांति, अहिंसा और सद्भाव का अमर संदेश केवल भारत तक सीमित नहीं है, बल्कि पूरी दुनिया के लिए प्रेरणास्त्रोत है।

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि लिटिल इंडिया में स्थापित गांधी प्रतिमा भारत और जापान के गहरे रिश्तों व सांस्कृतिक जुड़ाव का प्रतीक है। यह प्रतिमा न केवल भारतीय समुदाय के लिए गर्व का विषय है, बल्कि जापानी नागरिकों को भी भारत की महान परंपराओं और मूल्यों से जोड़ती है। उन्होंने कहा कि गांधीजी के विचार आज भी दुनिया को शांति, भाईचारे और सहयोग के रास्ते पर आगे बढ़ने की प्रेरणा देते हैं।

साय ने इस दौरान भारत-जापान मैत्री की सराहना करते हुए कहा कि दोनों देशों का संबंध सिर्फ कूटनीतिक नहीं, बल्कि सांस्कृतिक और मानवीय मूल्यों से गहराई से जुड़ा हुआ है। उन्होंने विश्वास जताया कि आने वाले समय में भारत और जापान के संबंध और मजबूत होंगे तथा एशिया सहित पूरी दुनिया को सहयोग और विकास की नई दिशा देंगे।

मुख्यमंत्री के साथ छत्तीसगढ़ से गए प्रतिनिधिमंडल के सदस्यगण भी मौजूद रहे और उन्होंने गांधीजी को श्रद्धांजलि अर्पित की। मुख्यमंत्री के इस कार्यक्रम में स्थानीय भारतीय समुदाय के लोग भी शामिल हुए और उन्होंने साय का स्वागत किया।

Exit mobile version