रायपुर।मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की पहल पर प्रदेश में बुजुर्गों की बेहतर देखभाल के लिए ‘सियान गुड़ी’ योजना शुरू की गई है। इसी कड़ी में कोरिया जिले के जिला अस्पताल परिसर में प्रदेश का पहला बुजुर्ग स्वास्थ्य एवं देखभाल केंद्र उद्घाटन हुआ। इस अवसर पर विधायक भईया लाल राजवाड़े और कलेक्टर चंदन त्रिपाठी ने संयुक्त रूप से इसका शुभारंभ किया।
विधायक राजवाड़े ने कहा कि वृद्धजन दिवस पर जिले को मिली यह सुविधा एक अनमोल तोहफ़ा है। उन्होंने बुजुर्गों के योगदान को याद करते हुए कहा कि यह केंद्र उनके स्वास्थ्य और देखभाल के लिए अत्यंत सहायक साबित होगा। कलेक्टर त्रिपाठी ने बताया कि बुजुर्गों के लिए सबसे बड़ी समस्याएं घुटनों, एड़ियों और अन्य शारीरिक पीड़ाओं के साथ भीड़ में असुविधा हैं। इन्हीं समस्याओं को ध्यान में रखते हुए यह केंद्र केवल डेढ़ माह में तैयार कर दिया गया है।
कलेक्टर ने बुजुर्गों से अपील की कि वे इस केंद्र की जानकारी अपने आस-पास के अन्य बुजुर्गों तक पहुंचाएं। इसके साथ ही ‘वयोवृद्ध एक्सप्रेस’ शुरू की गई है, जिससे जो बुजुर्ग अस्पताल नहीं पहुंच पाते, उनके घर तक ही जांच और उपचार की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। विधायक, कलेक्टर और अन्य जनप्रतिनिधियों ने बुजुर्गों को पुष्प, शाल और श्रीफल भेंटकर सम्मानित किया और नई पीढ़ी से बुजुर्गों के साथ संवाद बनाए रखने का संदेश दिया।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. प्रशांत सिंह ने बताया कि केंद्र में अत्याधुनिक उपकरण उपलब्ध हैं। इसमें ट्राइसाइकिल, बैलेंस बोर्ड, फुट मसाजर, पैरेलल बार, स्टेयर क्लाइंबिंग, ट्रेडमिल, मसाज चेयर, ट्रैक्शन और वैक्स बाथ जैसी सुविधाएं शामिल हैं। फिजियोथेरेपी और पंचकर्म जैसी सेवाएं भी बुजुर्गों को उपलब्ध होंगी।
अंतरराष्ट्रीय वृद्धजन दिवस पर समाज कल्याण विभाग ने जिले के बुजुर्गों को छड़ी और अन्य सहायक उपकरण वितरित किए। इसके साथ ही 2 से 8 अक्टूबर तक ‘आरोग्यम निकुष्ठ कोरिया अभियान’ संचालित होगा, जिसमें कुष्ठ रोग से संबंधित जागरूकता, जांच और उपचार की जानकारी दी जाएगी।