रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने विजय दिवस (16 दिसंबर) के अवसर पर राष्ट्र के वीर शहीदों को श्रद्धापूर्वक नमन किया। उन्होंने कहा कि विजय दिवस भारतीय सेना के शौर्य, साहस और अदम्य पराक्रम का गौरवशाली प्रतीक है, जो हर देशवासी के मन में गर्व और कृतज्ञता का भाव भर देता है।
मुख्यमंत्री साय ने 1971 के ऐतिहासिक युद्ध को स्मरण करते हुए कहा कि भारतीय सेना के वीर जवानों ने अद्वितीय साहस, अनुशासन और बलिदान का परिचय देकर देश की संप्रभुता और अखंडता की रक्षा की। उनके पराक्रम से न केवल भारत की सैन्य शक्ति विश्व पटल पर स्थापित हुई, बल्कि मानवता, लोकतंत्र और राष्ट्रधर्म के मूल्यों की भी रक्षा हुई।
मुख्यमंत्री ने कहा कि शहीदों का सर्वोच्च बलिदान आने वाली पीढ़ियों के लिए राष्ट्रभक्ति, कर्तव्यनिष्ठा और सेवा भाव की अमर प्रेरणा है। उन्होंने प्रदेशवासियों से आह्वान किया कि वे देश के प्रति अपने दायित्वों का निर्वहन करते हुए एकता, अनुशासन और समर्पण के मूल्यों को अपनाएं।
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि शहीदों के आदर्शों पर चलना, राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखना और देश सेवा के लिए सदैव तत्पर रहना ही विजय दिवस पर वीर शहीदों को सच्ची और स्थायी श्रद्धांजलि है।
