मुख्यमंत्री ने अहिल्याबाई होल्कर की 300वीं जयंती पर किया नमन

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने महारानी अहिल्याबाई होल्कर की 300वीं जयंती (31 मई) पर उन्हें नमन करते हुए कहा कि उनके न्यायप्रिय, धर्मपरायण और लोककल्याणकारी कार्य आज भी समाज के लिए प्रेरणा हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि अहिल्याबाई होल्कर ने अपने सुशासन और सेवा भावना से भारतीय इतिहास में अमिट स्थान बनाया। उन्होंने न केवल अपने राज्य को समृद्ध किया, बल्कि देशभर के धार्मिक स्थलों पर मंदिर, घाट, कुएं, बावड़ियां और मार्गों का निर्माण कर समाज के हर वर्ग को लाभ पहुंचाया।

मुख्यमंत्री साय ने उन्हें महिला सशक्तिकरण की प्रतीक बताते हुए कहा कि अहिल्याबाई ने अपने विवेक, ज्ञान और करुणा से राजकाज को एक नई दिशा दी। उनका जीवन सामाजिक समरसता, धर्म सेवा और न्याय की भावना से ओतप्रोत रहा। उन्होंने कहा कि अहिल्याबाई के कार्य हमें यह सिखाते हैं कि समर्पण और सच्चे नेतृत्व से समाज में सकारात्मक परिवर्तन संभव है। उनका जीवन और योगदान हमेशा मानवता की सेवा के लिए प्रेरणा देता रहेगा।

Exit mobile version