वीर सावरकर जयंती पर मुख्यमंत्री ने अर्पित की श्रद्धांजलि, कहा – उनका जीवन देशभक्ति की मिसाल

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने आज अपने निवास कार्यालय में महान स्वतंत्रता सेनानी वीर सावरकर की जयंती पर उनके छायाचित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि अर्पित की। इस अवसर पर उद्योग मंत्री लखनलाल देवांगन, महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े, विधायक धरमलाल कौशिक सहित अनेक जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि वीर सावरकर का जीवन राष्ट्र सेवा, आत्मबलिदान और देशभक्ति का प्रतीक है। वे केवल स्वतंत्रता संग्राम सेनानी ही नहीं, बल्कि समाज सुधारक, लेखक, इतिहासकार और दूरदर्शी नेता भी थे। उन्होंने सामाजिक कुरीतियों के खिलाफ आवाज उठाई और आधुनिक भारत के निर्माण की दिशा दिखाई।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सावरकर जी ने सेल्युलर जेल में कठिन वर्षों को अदम्य साहस और राष्ट्रभक्ति से जिया। उनका बलिदान भारतीय स्वतंत्रता संग्राम के स्वर्णिम अध्याय में अमिट है। उन्होंने प्रदेशवासियों से आह्वान किया कि वे सावरकर जी के विचारों से प्रेरणा लेकर राष्ट्र सेवा को अपना कर्तव्य मानें।

Exit mobile version