रायपुर। छत्तीसगढ़ी फिल्म इंडस्ट्री (छॉलीवुड) से जुड़े फिल्म निर्माता और डायरेक्टर मोहित साहू पर अपनी गर्लफ्रेंड के साथ बेरहमी से मारपीट करने का गंभीर आरोप लगा है। पीड़िता लहूलुहान हालत में रायपुर के पुरानी बस्ती थाने पहुंची, जहां उसने लिखित शिकायत दर्ज कराई। युवती का आरोप है कि मोहित साहू उसे उज्जैन ले जाकर शादी कर चुका है, लेकिन बाद में अपनी दूसरी शादी होने की बात कहकर उससे मुकर गया।
पीड़िता के अनुसार, जब उसने इस बात का विरोध किया तो मोहित साहू ने गाली-गलौज करते हुए उसके साथ जमकर मारपीट की। हमले में उसके सिर और शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें आईं। युवती का कहना है कि उस पर किसी ठोस वस्तु से हमला किया गया, जिससे सिर से लगातार खून बहता रहा।
यह मामला रायपुर के पुरानी बस्ती थाना क्षेत्र के भाटागांव स्थित सिल्वर ओक अपार्टमेंट, ब्लॉक-410 का बताया जा रहा है। पुलिस जांच के दौरान फ्लैट के अंदर टूटी हुई कुंडी और खून के निशान मिले हैं, जिससे मारपीट की पुष्टि हुई है। घटना का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें युवती के सिर से खून बहता साफ नजर आ रहा है। वीडियो सामने आने के बाद मामला और गंभीर हो गया है।
बताया जा रहा है कि घटना के समय कॉलोनी के सिक्योरिटी गार्ड और स्थानीय रहवासी मौके पर पहुंच गए थे। आरोप है कि स्थिति बिगड़ती देख मोहित साहू ने सुरक्षाकर्मियों के पैर छूकर माफी भी मांगी, ताकि मामला बाहर न जाए।
पुलिस ने पीड़िता को मेडिकल जांच के लिए अस्पताल भेजा है, जहां उसका इलाज जारी है। पुरानी बस्ती पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। फिलहाल, आरोपी फिल्म निर्माता की ओर से कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। पुलिस का कहना है कि मेडिकल रिपोर्ट, वायरल वीडियो और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
