रायपुर। छत्तीसगढ़ पुलिस विभाग में लंबे समय से पदोन्नति की प्रतीक्षा कर रहे निरीक्षकों के लिए बड़ी खुशखबरी है। पिछले 25 वर्षों से पदोन्नति की राह देख रहे 55 निरीक्षकों को अब उप पुलिस अधीक्षक (डीएसपी) पद पर पदोन्नत किया जाएगा। यह पदोन्नति वर्ष 1999 और 2000 बैच के निरीक्षकों को दी जा रही है, जिनकी फाइलें लंबे समय से विभाग में लंबित थीं।
अब तक केवल 17 रिक्त पदों के कारण यह प्रक्रिया अटकी हुई थी, लेकिन हाल ही में उपमुख्यमंत्री और गृह मंत्री विजय शर्मा के निर्देश पर डीएसपी पदों की संख्या में वृद्धि का प्रस्ताव तैयार कर वित्त विभाग को भेजा गया था। वित्त विभाग से स्वीकृति मिलते ही पदोन्नति प्रक्रिया प्रारंभ की गई, जो अब अंतिम चरण में है।
इसके अलावा, रक्षित निरीक्षक संवर्ग से एक अधिकारी, विशेष शाखा (एसबी) से एक निरीक्षक, आर्म्स शाखा से एक निरीक्षक और कंपनी कमांडर के रूप में कार्यरत सात अधिकारियों को सहायक सेनानी के पद पर पदोन्नति दी गई है। गौरतलब है कि कुछ दिन पहले ही निरीक्षकों का एक प्रतिनिधिमंडल उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा से मिला था और वर्षों से लंबित पदोन्नति का मुद्दा उठाया था। शर्मा ने इस पर गंभीरता से संज्ञान लिया और त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए। अब जल्द ही प्रदेश को 55 नए डीएसपी मिलने जा रहे हैं, जिससे पुलिस व्यवस्था को मजबूती मिलने की उम्मीद है।