छत्तीसगढ़ में आज फिर बरसेंगे बदरा, मौसम विभाग ने जताई संभावना

रायपुर। पिछले तीन दिनों से छत्तीसगढ़ का मौसम बदला हुआ है। अरब सागर में बने चक्रवाती तूफान मोंथा का असर अब भी बना हुआ है, जिसका अवशेष वर्तमान में झारखंड के ऊपर सक्रिय है।

इसके प्रभाव से शुक्रवार को प्रदेश के अधिकांश इलाकों में धूप नहीं निकली और कई जगहों पर तेज बारिश और बूंदाबांदी दर्ज की गई। लगातार बादल छाए रहने से दिन का तापमान सामान्य से नीचे चला गया, जिससे हल्की ठंडक महसूस की जा रही है। वहीं, रात का तापमान सामान्य से करीब 4 डिग्री ज्यादा बना हुआ है।

मौसम विभाग के अनुसार, समुद्र में बने इस चक्रवात ने छत्तीसगढ़ समेत मध्य भारत के कई राज्यों में मौसम का रुख बदल दिया है। रायपुर सहित अन्य जिलों में पिछले तीन दिनों से खंड वर्षा (Intermittent Rain) की स्थिति बनी हुई है। बादलों की वजह से लोगों को दिन की तेज धूप से राहत तो मिली है, लेकिन रात का तापमान गिर नहीं पा रहा है। शुक्रवार दोपहर बाद रायपुर, दुर्ग, बिलासपुर और आसपास के इलाकों में रुक-रुक कर बारिश होती रही। मौसम विभाग के अनुसार, यह खंड वर्षा होने के कारण कुछ क्षेत्रों में ही वर्षा दर्ज की गई।

मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि मोंथा चक्रवात अब कमजोर पड़कर निम्न दाब क्षेत्र में बदल गया है और यह बिहार की ओर अग्रसर है। आज (शनिवार) छत्तीसगढ़ के उत्तर और मध्य भागों में एक-दो स्थानों पर हल्की बारिश और गरज-चमक के साथ छींटे पड़ने की संभावना है।

रायपुर में आज आसमान में बादल छाए रहने के साथ हल्की बारिश की भी संभावना जताई गई है। तापमान 24 से 29 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की उम्मीद है। रविवार से न्यूनतम तापमान में गिरावट शुरू हो सकती है और मौसम में ठंडक धीरे-धीरे बढ़ेगी।

Exit mobile version