रायपुर। छत्तीसगढ़ ने एक बार फिर देश में अपनी अलग पहचान बनाई है। उद्योग और आंतरिक व्यापार संवर्द्धन विभाग (DPIIT), भारत सरकार द्वारा आयोजित उद्योग संगम में राज्य को बिजनेस रिफॉर्म एक्शन प्लान (BRAP) की सभी चार प्रमुख श्रेणियों में ‘टॉप अचीवर’ घोषित किया गया है। यह उपलब्धि राज्य के तेज़ी से बदलते प्रशासनिक और औद्योगिक वातावरण की बड़ी मिसाल है।
कभी BRAP रैंकिंग में निचले पायदान पर रहने वाला छत्तीसगढ़ आज गुजरात और महाराष्ट्र जैसे अग्रणी राज्यों के बराबर खड़ा है। सुशासन, पारदर्शिता और उद्योग-अनुकूल नीतियों के बल पर राज्य ने खुद को सुधार और विकास का नया मॉडल बना दिया है।
राज्य ने अब तक 434 सुधार लागू किए हैं, जिनमें ‘जन विश्वास अधिनियम’ और भूमि अभिलेखों के स्वचालित म्यूटेशन जैसे कदम प्रमुख हैं। इन सुधारों से व्यापारियों और नागरिकों को न केवल प्रक्रियागत राहत मिली, बल्कि सरकारी तंत्र के प्रति विश्वास भी बढ़ा है।
दुकानों को 24×7 संचालन की अनुमति, फ्लैटेड इंडस्ट्री के लिए FAR में वृद्धि, फैक्ट्री लाइसेंस की वैधता 15 वर्ष तक और ऑटो-रिन्यूअल जैसी पहल ने निवेश माहौल को और भी सुगम बनाया है।
इन उपलब्धियों के लिए केंद्रीय वाणिज्य मंत्री पीयूष गोयल ने छत्तीसगढ़ के वाणिज्य मंत्री लखनलाल देवांगन और निवेश आयुक्त ऋतु सेन (IAS) को सम्मानित किया।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा— “छत्तीसगढ़ का ‘टॉप अचीवर’ बनना पूरे राज्य के लिए गर्व का विषय है। यह उपलब्धि सुशासन, प्रशासन की मेहनत और निवेशकों के भरोसे का परिणाम है। छत्तीसगढ़ अब इज ऑफ डूइंग बिजनेस से आगे बढ़कर इज ऑफ लिविंग का प्रतीक बन चुका है।”
