रायपुर। छत्तीसगढ़ में इस मानसून सीजन में अब तक औसत बारिश का करीब 96.4 प्रतिशत पानी बरस चुका है। राजस्व एवं आपदा प्रबंधन विभाग के 19 सितंबर तक के आंकड़ों के मुताबिक 1 जून से प्रदेश में 996.5 मिमी बारिश दर्ज की गई है। इस अवधि में सामान्य बारिश 1033.6 मिमी मानी गई है। प्रदेश के अलग-अलग जिलों में बारिश का आंकड़ा काफी अलग रहा है।
सरगुजा संभाग में बलरामपुर सबसे ज्यादा बारिश वाला जिला रहा। यहां सामान्य से 69.7 प्रतिशत ज्यादा यानी 1488.5 मिमी बारिश हुई है। मनेन्द्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर में 122.6 प्रतिशत और सूरजपुर में 111.5 प्रतिशत बारिश दर्ज की गई। वहीं सरगुजा में 77.3, जशपुर में 81.2 और कोरिया में 97 प्रतिशत बारिश हुई है।
रायपुर संभाग में मानसून की स्थिति बेहतर रही। राजधानी रायपुर में सामान्य से 26.9 प्रतिशत ज्यादा यानी 1091.2 मिमी बारिश दर्ज की गई। महासमुंद में 120.8, गरियाबंद में 118, बलौदाबाजार में 109.7 और धमतरी में 105.1 प्रतिशत बारिश हुई है।
बिलासपुर संभाग में सारंगढ़-बिलाईगढ़ में सबसे ज्यादा 138.5 प्रतिशत बारिश हुई। मुंगेली में 112.5 और जांजगीर-चांपा में 103.4 प्रतिशत बारिश दर्ज की गई। कोरबा, बिलासपुर और सक्ती में बारिश सामान्य के आसपास रही, जबकि गौरेला-पेंड्रा-मरवाही और रायगढ़ में आंकड़ा सामान्य से कम रहा।
दुर्ग संभाग में बालोद 106.3 प्रतिशत बारिश के साथ आगे रहा। दुर्ग में 98.3, राजनांदगांव में 94.9 और कबीरधाम में 83 प्रतिशत बारिश हुई। बस्तर संभाग में नारायणपुर में सामान्य से ज्यादा 108.6 प्रतिशत बारिश हुई, जबकि कांकेर में प्रदेश में सबसे कम 67 प्रतिशत बारिश दर्ज की गई।
19 सितंबर को प्रदेश में औसत दैनिक बारिश 4 मिमी रही। इस दिन मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी में 17.3, नारायणपुर में 16.5 और कांकेर में 16.3 मिमी बारिश हुई। वहीं जांजगीर-चांपा, कोंडागांव और दंतेवाड़ा में बारिश नहीं हुई।
