छत्तीसगढ़ पुलिस रजत जयंती पदक का अनावरण: CM साय बोले- साहस, शौर्य और बलिदान की अमिट पहचान बनेगा पदक

रायपुर। छत्तीसगढ़ पुलिस के 25 वर्षों की गौरवशाली सेवा को सम्मान देने के लिए मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने बुधवार को पुलिस मुख्यालय, नया रायपुर में छत्तीसगढ़ पुलिस रजत जयंती पदक का अनावरण किया।

मुख्यमंत्री ने पुलिस बल को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह पदक प्रदेश में शांति एवं सुरक्षा बनाए रखने में पुलिस के अदम्य साहस, शौर्य और बलिदान की अमिट पहचान बनेगा।

उन्होंने कहा कि बीते 25 वर्षों में छत्तीसगढ़ पुलिस ने कानून-व्यवस्था को मजबूत करने के साथ-साथ नक्सल विरोधी अभियानों में असाधारण बहादुरी दिखाते हुए कई जवानों ने सर्वोच्च बलिदान दिया है। यह पदक उनके समर्पण और योगदान को सदैव स्मरणीय बनाए रखेगा।

मुख्यमंत्री ने बताया कि गणतंत्र दिवस के अवसर पर राज्य पुलिस बल को रजत जयंती पदक प्रदान किए जाने की घोषणा की गई थी और उसी पर त्वरित अमल करते हुए आज इसका विमोचन किया गया है।

उन्होंने कहा कि यह पदक छत्तीसगढ़ की माटी, संस्कृति और परंपरा को भी आत्मसात करता है।

पदक गोल आकार में चांदी के रंग का होगा। इसके अग्र भाग में साल वृक्ष और पीछे की ओर पहाड़ी मैना का उभरा हुआ चित्र अंकित रहेगा। इसे रिबन के साथ धारण किया जाएगा और वर्दी की बाईं ओर जेब के ऊपर वरीयता क्रम में लगाया जाएगा।

मुख्यमंत्री ने बताया कि पहाड़ी मैना सतर्कता, संवाद और निडरता का प्रतीक है, जबकि साल वृक्ष मजबूती, संरक्षण और दीर्घायु का संदेश देता है। इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा सहित वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

Exit mobile version