रायपुर। रायपुर रेंज पुलिस को ऑपरेशन साइबर शील्ड के तहत बड़ी कामयाबी मिली है। पुलिस ने शेयर ट्रेडिंग और ऑनलाइन पार्ट टाइम जॉब के नाम पर करीब 1 करोड़ रुपये की ठगी करने वाले चार साइबर ठगों को गिरफ्तार किया है। ये आरोपी छत्तीसगढ़, मध्यप्रदेश और आंध्रप्रदेश से पकड़े गए हैं। पुलिस ने आरोपियों से महत्वपूर्ण दस्तावेज, बैंक डिटेल्स और मोबाइल डिवाइस जब्त किए हैं।
आईजी अमरेश मिश्रा ने बताया कि लगातार बढ़ते साइबर अपराधों पर अंकुश लगाने के लिए ऑपरेशन साइबर शील्ड के तहत विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में रायपुर पुलिस ने तीन अलग-अलग मामलों में कार्रवाई की और ठगों तक पहुंच बनाई।
पहला मामला शेयर ट्रेडिंग में 20 लाख की ठगी से जुड़ा है, जिसमें खम्हारडीह थाना पुलिस ने ग्वालियर (म.प्र.) निवासी प्रयल अस्थाना को गिरफ्तार किया। दूसरा मामला ऑनलाइन पार्ट टाइम जॉब का है, जिसमें मुजगहन थाना पुलिस ने नेहरू लाल और मयंक पटेल को गिरफ्तार किया। दोनों ने मुंबई स्थित बैंक शाखा में फर्जी खाते खोलकर ठगी की रकम ट्रांसफर की थी।
तीसरे मामले में सरस्वती नगर थाना पुलिस ने शेयर ट्रेडिंग में 71 लाख की ठगी करने वाले जयराम वाजेंदला (आंध्रप्रदेश) को गिरफ्तार किया है। उसने अन्य साथियों के साथ मिलकर करंट अकाउंट खोलकर रकम हड़प ली थी।
आईजी ने बताया कि पुलिस ने अब तक ठगी से जुड़ी कई बैंक अकाउंट्स को फ्रीज कर दिया है और अन्य फरार आरोपियों की तलाश जारी है। यह कार्रवाई साइबर अपराधियों के खिलाफ पुलिस की सक्रियता और तकनीकी दक्षता को दर्शाती है।
