छत्तीसगढ़ को मिला पहला ट्राइबल म्यूजियम, बनेगा पर्यटन और शोध का नया केंद्र

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने किया लोकार्पण, कहा – ये हमारी आदिवासी पहचान का गौरव

रायपुर। छत्तीसगढ़ को आज एक नई पहचान मिली, जब मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने नवा रायपुर में राज्य के पहले ट्राइबल म्यूजियम का उद्घाटन किया। यह म्यूजियम 10 एकड़ में बना है और इसमें आदिवासी संस्कृति, जीवनशैली और परंपराओं की झलक देखने को मिलेगी। मुख्यमंत्री ने परंपरागत पूजा-पद्धति से म्यूजियम का शुभारंभ किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ की पहचान उसकी जनजातीय संस्कृति से है। हमारे यहां 43 जनजातियां और उनकी अनेक उपजातियां हैं, जिनकी संस्कृति, वेशभूषा, खानपान, लोककला और जीवनशैली को इस म्यूजियम में 14 विशेष गैलरियों के माध्यम से प्रदर्शित किया गया है। यह म्यूजियम न सिर्फ देखने लायक है, बल्कि युवाओं को अपनी जड़ों से जोड़ने का माध्यम भी बनेगा।

कार्यक्रम में विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह, आदिवासी विकास मंत्री रामविचार नेताम सहित कई मंत्री, सांसद और जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। मुख्यमंत्री ने ‘प्रयास’ विद्यालय के 112 जेईई पास विद्यार्थियों से मुलाकात कर उन्हें सम्मानित किया। कार्यक्रम में 300 नवचयनित छात्रावास अधीक्षकों को नियुक्ति पत्र भी सौंपे गए। म्यूजियम में डिजिटल और एआई तकनीक से जानकारी देने की सुविधा भी है। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह संग्रहालय प्रदेश में पर्यटन और शोध के लिए भी एक महत्वपूर्ण केंद्र बनेगा। साथ ही, इस अवसर पर अतिथियों ने पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया।

Exit mobile version