रायपुर। छत्तीसगढ़ सरकार का वित्तीय वर्ष 2026-27 का बजट 24 फरवरी को विधानसभा में पेश किया जाएगा। इसकी जानकारी राज्य के वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने दी। उन्होंने बताया कि विधानसभा का बजट सत्र 23 फरवरी से शुरू होगा और अगले ही दिन बजट प्रस्तुत किया जाएगा। सरकार इस बार बजट को विकासोन्मुख और दीर्घकालीन दृष्टि से तैयार कर रही है।
वित्त मंत्री के अनुसार इस बार के बजट में महिलाओं, युवाओं और किसानों पर विशेष ध्यान रखा जाएगा। राज्य की आर्थिक मजबूती के साथ-साथ रोजगार सृजन, कृषि सुधार और सामाजिक योजनाओं को प्राथमिकता दी जाएगी। उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य “विजन-2047” के अनुरूप प्रदेश को तेज विकास पथ पर आगे बढ़ाना है। पिछली बार की तरह इस बार भी बजट का एक नया थीम रखा जाएगा, जो विकास और जनकल्याण दोनों को संतुलित करेगा।
सूत्रों के अनुसार बजट में इंफ्रास्ट्रक्चर विकास पर बड़ा फोकस रहेगा। छोटे और मध्यम शहरों में खेल मैदान, मिनी इंडोर स्टेडियम और यातायात सुधार के लिए रिंग रोड बनाने की घोषणाएं हो सकती हैं। नवा रायपुर के अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में शहीद वीर नारायण सिंह की प्रतिमा स्थापित करने का भी प्रस्ताव है। पखांजूर में खेल परिसर और दुलदुला में मिनी इंडोर स्टेडियम के निर्माण के लिए प्रावधान किए जाने की तैयारी है।
इसके अलावा प्रदेश के बड़े नगर पंचायतों और नगर पालिकाओं में रिंग रोड निर्माण के लिए करीब 100 करोड़ रुपए रखने की योजना है। अधूरी जिलों में नालंदा लाइब्रेरी परियोजना को भी आगे बढ़ाया जाएगा। पीएम सूर्यघर योजना और आयुष्मान योजना के लिए लगभग 2 हजार करोड़ रुपए का प्रावधान किए जाने की संभावना है। सरकार का दावा है कि यह बजट विकास को गति देने के साथ आम जनता को सीधा लाभ पहुंचाने वाला होगा।
