बिलासपुर। छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट के महाधिवक्ता प्रफुल्ल एन भारत ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। उन्होंने औपचारिक रूप से अपना त्यागपत्र राज्यपाल को सौंप दिया है। बताया जा रहा है कि लगातार चल रही हाईलेवल बैठकों और कानूनी सलाह-मशविरे के बीच उनके इस्तीफे को लेकर सरकार जल्द ही आधिकारिक बयान जारी कर सकती है। गौरतलब है कि जनवरी 2024 में राज्य सरकार ने उन्हें महाधिवक्ता नियुक्त किया था। मंत्रीमंडल की स्वीकृति के बाद विधि विधायी विभाग ने उनकी पदस्थापना का आदेश जारी किया था।
अपने इस्तीफा पत्र में प्रफुल्ल एन भारत ने सरकार, मुख्यमंत्री विष्णु देव साय, मंत्रिमंडल, नौकरशाहों और महाधिवक्ता कार्यालय के सहयोगियों के प्रति आभार जताया है। उन्होंने लिखा कि उच्च न्यायालय और सर्वोच्च न्यायालय में राज्य के हितों की रक्षा करना एक चुनौतीपूर्ण कार्य रहा, जिसमें उन्हें सभी का पूरा सहयोग मिला। उन्होंने बार के सदस्यों और राज्यपाल को भी धन्यवाद दिया, जिन्होंने उन्हें राज्य के प्रथम विधि अधिकारी के रूप में सेवा का अवसर दिया।
जगदलपुर से लेकर हाईकोर्ट तक की यात्रा
प्रफुल्ल कुमार भारत का जन्म 22 जून 1966 को हुआ था। वे मूल रूप से बस्तर संभाग के जगदलपुर निवासी हैं। यहीं से उन्होंने अपनी स्कूली शिक्षा पूरी की और आगे एमए तथा एलएलबी की डिग्री हासिल की। वर्ष 1992 में वे मध्यप्रदेश बार काउंसिल, जबलपुर में अधिवक्ता के रूप में पंजीकृत हुए और यहीं से उन्होंने अपने विधिक करियर की शुरुआत की।
1992 से 1995 तक उन्होंने जिला न्यायालय जगदलपुर में प्रैक्टिस की। इसके बाद 1995 से अक्टूबर 2000 तक मध्यप्रदेश उच्च न्यायालय जबलपुर में सक्रिय रहे। छत्तीसगढ़ राज्य गठन के बाद नवंबर 2000 से वे बिलासपुर स्थित छत्तीसगढ़ उच्च न्यायालय में प्रैक्टिस करते रहे, जहां उन्होंने अपने आप को प्रमुख अधिवक्ताओं की श्रेणी में स्थापित किया। 12 जनवरी 2024 को उन्हें राज्य का महाधिवक्ता नियुक्त किया गया था।
