इंडिया स्किल 2025-26 में छत्तीसगढ़ को ऐतिहासिक सफलता, ईस्ट जोन में 12 पदक; मुख्यमंत्री ने दी बधाई

रायपुर। कौशल विकास और उद्यमिता मंत्रालय द्वारा आयोजित इंडिया स्किल प्रतियोगिता 2025-26 के ईस्ट जोन रीजनल मुकाबले में छत्तीसगढ़ के युवाओं ने 12 पदक और 4 मेडल ऑफ एक्सीलेंस हासिल कर ऐतिहासिक उपलब्धि दर्ज की है।

प्रतियोगिता जिला, राज्य, रीजनल और राष्ट्रीय स्तर पर आयोजित हो रही है। राष्ट्रीय स्तर पर चयनित प्रतिभागियों को WorldSkills International के अंतर्गत भारत का प्रतिनिधित्व करने का अवसर मिलेगा।

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने सभी विजेताओं को बधाई देते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ के युवाओं ने साबित कर दिया है कि वे राष्ट्रीय ही नहीं, वैश्विक मंच पर भी प्रतिस्पर्धा करने में सक्षम हैं। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार कौशल विकास, आधुनिक प्रशिक्षण और उद्योगोन्मुख पाठ्यक्रमों को प्राथमिकता दे रही है।

ईस्ट जोन प्रतियोगिता का समापन 2 मार्च 2026 को भुवनेश्वर में हुआ। इसमें ओडिशा, बिहार, पश्चिम बंगाल, झारखंड, छत्तीसगढ़ और अंडमान-निकोबार के 200 से अधिक प्रतिभागियों ने 59 ट्रेड्स में हिस्सा लिया। छत्तीसगढ़ को 1 स्वर्ण, 2 रजत, 5 कांस्य सहित कुल 12 पदक और 4 मेडल ऑफ एक्सीलेंस प्राप्त हुए।

डिजिटल इंटरैक्टिव मीडिया में सुनील कुमार पैतल ने स्वर्ण पदक जीता। 3डी डिजिटल गेम आर्ट में खुशांक नायक, सीएनसी मिलिंग में पुष्कर सोनबर और सीएनसी टर्निंग में आत्माराम ने रजत पदक हासिल किए। अन्य प्रतिभागियों ने भी विभिन्न ट्रेड्स में कांस्य और एक्सीलेंस मेडल जीतकर राज्य का गौरव बढ़ाया।

राज्य में प्रतियोगिता का आयोजन छत्तीसगढ़ राज्य कौशल विकास प्राधिकरण द्वारा किया गया। अब चयनित प्रतिभागी राष्ट्रीय स्तर पर प्रदेश का प्रतिनिधित्व करेंगे।

Exit mobile version