दिल्ली। उत्तराखंड में लगातार हो रही भारी बारिश को देखते हुए चारधाम यात्रा को 24 घंटे के लिए रोक दिया गया है। गढ़वाल मंडल आयुक्त विनय शंकर पांडेय ने बताया कि हरिद्वार, ऋषिकेश, श्रीनगर, रुद्रप्रयाग, सोनप्रयाग और विकासनगर में यात्रियों को रोकने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि कोई हादसा न हो।
यमुनोत्री मार्ग पर बादल फटने से 9 मजदूर लापता
उत्तरकाशी जिले के सिलाई बैंड इलाके में बादल फटने से एक निर्माणाधीन होटल को नुकसान हुआ है। हादसे के बाद से वहां रह रहे 8–9 मजदूर लापता हैं। जिला प्रशासन द्वारा राहत और बचाव कार्य तेजी से चलाया जा रहा है। उत्तरकाशी के डीएम प्रशांत आर्य ने पुष्टि की है कि यमुनोत्री मार्ग भी प्रभावित हुआ है।
नदियों का जलस्तर खतरे के पार
बागेश्वर में सरयू नदी, अलकनंदा और सरस्वती नदियां खतरे के निशान से ऊपर बह रही हैं। मौसम विभाग ने राज्य में भारी बारिश और भूस्खलन की चेतावनी दी है।
केरल में बांधों के गेट खोले गए
केरल में भारी बारिश के चलते पलक्कड़ और पथानामथिट्टा जिलों में बांधों के गेट खोल दिए गए हैं। INCOIS के मुताबिक, तटीय क्षेत्रों में 2-3 मीटर तक ऊंची लहरें उठ सकती हैं। निचले इलाकों से लोगों को सुरक्षित स्थानों पर भेजा जा रहा है।
पूरे देश में बारिश का अलर्ट
- देश के 35 राज्यों/केंद्र शासित प्रदेशों में मानसून सक्रिय है।
- दिल्ली-NCR में आज मानसून के पूरी तरह पहुंचने की संभावना है।
- राजस्थान, मध्यप्रदेश, उत्तरप्रदेश, बिहार, झारखंड, पश्चिम बंगाल, असम, अरुणाचल और मेघालय में भारी से अति भारी बारिश का अलर्ट है।
- हरियाणा के 8 जिलों (अंबाला, कुरुक्षेत्र, यमुनानगर आदि) में ऑरेंज अलर्ट जारी है।
- झारखंड के 5 जिलों में 40 किमी/घंटा की रफ्तार से हवा चल सकती है।
- पंजाब में आज 11 जिलों में बारिश का अलर्ट है, राज्य में जून में सामान्य से 19% अधिक बारिश दर्ज की गई है।
कई राज्यों में जनजीवन प्रभावित
- बिहार के वैशाली में पीपा पुल बंद होने से यातायात प्रभावित है।
- मध्यप्रदेश के सतना में भारी बारिश से निचले इलाकों में पानी भर गया है।
- उत्तरप्रदेश के चित्रकूट में मंदाकिनी नदी उफान पर है।
- उत्तराखंड के चमोली में भूस्खलन से बद्रीनाथ हाईवे पर कार दब गई।
- ओडिशा के मयूरभंज में पुल बह गया है।
अलर्ट का असर
मौसम विभाग के अनुसार, 1 जुलाई से एक और मजबूत सिस्टम सक्रिय होगा, जिससे कई राज्यों में अगले कुछ दिन भारी से अति भारी बारिश की संभावना है। प्रशासन ने लोगों से सतर्क रहने और अनावश्यक यात्रा न करने की अपील की है।